PM Kisan Yojana: क्या आपके खाते में आ गए 24वीं किस्त के 4,000 रुपये? सरकार ने बताई वायरल दावे की सच्चाई
Published: Friday, September 4, 2026, 17:55 [IST]
PM Kisan Yojana Update: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों के लिए एक जरूरी खबर है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दावा तेजी से फैल रहा है कि पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त के 4-4 हजार रुपये किसानों के बैंक खातों में भेज दिए गए हैं। ऐसे में जिन किसानों को अभी तक इस किस्त का पैसा नहीं मिला है, वे परेशान हो रहे हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा है तो चिंता करने की जरूरत नहीं है।
सरकार ने साफ किया है कि 24वीं किस्त को लेकर सोशल मीडिया पर किया जा रहा यह दावा गलत है। दरअसल, सरकार ने अभी पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी ही नहीं की है। ऐसे में किसानों के खातों में 4 हजार रुपये आने की बात भी सही नहीं है।
24वीं किस्त अभी जारी नहीं हुई
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त किसानों के खातों में पहुंच गई है। इस किस्त की रकम 4 हजार रुपये बताई जा रही है। हालांकि, पीएम किसान योजना की ओर से इस दावे को गलत बताया गया है। सरकार ने अभी तक 24वीं किस्त जारी नहीं की है। इसलिए अगर आपके खाते में इस किस्त का पैसा नहीं आया है तो इसे लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan 24th Installment Date: कब आएगी पीएम किसान की 24वीं किस्त? अभी चेक करें क्या है लेटेस्ट अपडेट
एक किस्त में मिलते हैं 2 हजार रुपये
वायरल दावे में एक और बड़ी गलती है। इसमें 24वीं किस्त के तौर पर किसानों को 4 हजार रुपये मिलने की बात कही गई है, जबकि पीएम किसान योजना के तहत एक किस्त में 2 हजार रुपये दिए जाते हैं।
योजना के तहत पात्र किसानों को सालभर में कुल 6 हजार रुपये मिलते हैं। यह रकम तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। यानी हर किस्त में 2 हजार रुपये दिए जाते हैं।
सरकार ने जारी की चेतावनी
पीएम किसान योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी किसानों को इस वायरल दावे से सावधान किया गया है। योजना की ओर से बताया गया कि 24वीं किस्त के 4 हजार रुपये मिलने को लेकर सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा फर्जी है।
आधिकारिक हैंडल पर कहा गया, "PMKISAN की 24वीं किस्त को लेकर भ्रामक खबर से सावधान! सोशल मीडिया पर 4,000 रुपये की 24वीं किस्त मिलने का दावा किया जा रहा है, लेकिन ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।"
सरकार ने किसानों से अपील की है कि पीएम किसान योजना से जुड़ी सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
सही जानकारी कहां मिलेगी?
पीएम किसान योजना की किस्त, आवेदन, लाभार्थी सूची और दूसरी जरूरी जानकारी के लिए किसान आधिकारिक पोर्टल पर जा सकते हैं। योजना से जुड़ी जानकारी यहां लगातार अपडेट की जाती है। आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in है। किसानों को सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी खबर पर भरोसा करने से पहले उसकी जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर जरूर जांच लेनी चाहिए।
कब आएगी 24वीं किस्त?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त आखिर कब आएगी। फिलहाल सरकार ने इसकी तारीख का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। इस कैलेंडर ईयर में अब तक पीएम किसान योजना की दो किस्तें जारी हो चुकी हैं। पहली किस्त 13 मार्च को और दूसरी किस्त 20 जून को किसानों के खातों में भेजी गई थी।
पीएम किसान योजना के सालाना भुगतान के हिसाब से इस साल की तीसरी और आखिरी किस्त अक्टूबर के आसपास जारी होने की उम्मीद है। हालांकि, अक्टूबर में किस्त आने की बात अभी सिर्फ उम्मीद है, इसकी कोई आधिकारिक तारीख सरकार ने घोषित नहीं की है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Fraud: यूपी के प्रतापगढ़ में पीएम किसान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 4.45 लाख रजिस्ट्रेशन मिले फर्जी!