बांका में मारपीट में घायल युवक की मौत: पटना PMCH में इलाज के दौरान तोड़ा दम, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से किया था हमला - Banka News

बांका के रजौन थाना क्षेत्र में 19 जुलाई को हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की गुरुवार को पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान उपरामा गांव निवासी रूपेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल

.

मृतक के भाई मुकेश कुमार मंडल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका भाई रूपेश कुमार मंडल दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। कुछ दिन पूर्व गांव के ही अजित कुमार उर्फ बिल्ला ने फोन पर उसके साथ गाली-गलौज की थी।

पत्नी को परेशान करने को लेकर था विवाद

आरोप है कि अजित कुमार शराब के नशे में रूपेश की पत्नी को फोन कर परेशान करता था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

इसी विवाद के बाद रूपेश दिल्ली चला गया था। दिल्ली जाने के बाद भी अजित कुमार उर्फ बिल्ला रूपेश की पत्नी को शराब के नशे में लगातार फोन कर परेशान करता रहा।

बताया गया कि आरोपी अजित उर्फ बिल्ला दिल्ली जाकर करीब पांच लोगों के साथ मिलकर रूपेश के साथ मारपीट भी कर चुका था। इसके बाद रूपेश वापस अपने गांव लौट आया।

कुछ समय बाद आरोपी अजित कुमार उर्फ बिल्ला भी गांव लौट आया। आरोप है कि 19 जुलाई को अजित शराब के नशे में रूपेश के घर पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर अरुण यादव और जयकांत यादव भी वहां पहुंच गए।

बीच-बचाव करने पहुंचे भाई और पत्नि

आरोप है कि तीनों ने मिलकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से रूपेश पर हमला कर दिया। इस हमले में रूपेश के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई मुकेश कुमार मंडल और रीना देवी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया,जिसमें दोनों का भी सिर फट गया।

आरोप है कि मारपीट के दौरान रीना देवी के गले और कान के आभूषण भी छीन लिए गए।घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।गंभीर रूप से घायल रूपेश कुमार मंडल, मुकेश कुमार मंडल और रीना देवी को इलाज के लिए रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। रूपेश की हालत नाजुक होने पर उसे पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था।

थानाध्यक्ष बोले- मामले की जांच की जा रही गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके पहले मारपीट को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।मौत के बाद दोबारा मृतक के भाई मुकेश कुमार मंडल के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। थाना अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि मारपीट में घायल रूपेश कुमार मंडल की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।