Delhi Style Matar Kulcha: घर पर बनाएं दिल्ली स्टाइल 'मटर-कुलचा'! गेहूं के आटे से बनेगा मक्खन जैसा मुलायम कुलचा, सीक्रेट मसाले से आएगा चटपटा स्वाद
Delhi Style Matar Kulcha Recipe: दिल्ली जितना अपने ऐतिहासिक स्थलों के लिए मशहूर है, उतना ही अपने खानपान के लिए भी है. जैसे ही दिल्ली के खाने की बात आती है सबसे पहले दिल्ली की पराठे वाली गली का नाम जहन में आता है. इसके साथ ही एक चीज और है जो लोगों को दिल्ली के स्वाद को चख वाह-वाह कहने पर मजबूर करती है. वो है मटर-कुलचे. दिल्ली की गलियों में मिलने वाला गरमा-गरम मटर-कुलचा देखते ही मुंह में पानी आ जाता है. चटपटा, खट्टा और मसालेदार मटर जब सॉफ्ट कुलचे के साथ खाया जाता है तो स्वाद का मजा दोगुना हो जाता है. लेकिन कई लोग मैदा और यीस्ट की वजह से कुलचा खाने से बचते हैं.
अगर आप भी इन्हीं वजहों से इस स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड का मजा नहीं ले पाते, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको बताएंगे दिल्ली स्टाइल मटर-कुलचा बनाने का ऐसा तरीका, जिसमें न तो मैदा इस्तेमाल होगा और न ही यीस्ट. इस रेसिपी में कुलचा गेहूं के आटे से बनेगा और फिर भी ये बहुत सॉफ्ट और मुलायम रहेगा. वहीं, मटर को खास 'मैजिक मसाला', हरी चटनी और इमली के पानी से ऐसा स्वाद मिलेगा कि आपको बिल्कुल स्ट्रीट स्टाइल मटर-कुलचे का मजा आएगा.
मटर-कुलचा बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स
कुलचा बनाने के लिए
- 1.5 कप गेहूं का आटा
- 1.5 छोटी चम्मच बेकिंग पाउडर
- 2 छोटी चम्मच चीनी
- स्वादानुसार नमक
- 1/4 कप हल्का खट्टा दही
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- जरूरत के अनुसार पानी
- कलौंजी और हरा धनिया
- सेंकने के लिए थोड़ा मक्खन
मटर बनाने के लिए
- 1 कप सूखे सफेद मटर, रातभर भिगोए हुए
- 1/2 कप पानी
- थोड़ा नमक
- 2 लौंग
- 1 छोटा तेज पत्ता
- थोड़ी हल्दी
हरी चटनी के लिए
सम्बंधित ख़बरें
- 1 बड़ा गुच्छा हरा धनिया
- आधी मात्रा में पुदीना
- अदरक का छोटा टुकड़ा
- हरी मिर्च
- नमक
- कुछ बर्फ के टुकड़े
मैजिक मसाला के लिए
- 2 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटी चम्मच काला नमक
- 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटी चम्मच जीरा पाउडर
- थोड़ा सा काली मिर्च पाउडर
- 1 छोटी चम्मच चाट मसाला
बाकी सामग्री
बनाएं हरी चटनी
हरी चटनी बनाने के लिए हरा धनिया, उसकी आधी मात्रा में पुदीना, थोड़ा अदरक और हरी मिर्च लें. इसमें थोड़ा नमक डालें. चटनी को हरा और फ्रेश बनाए रखने के लिए पीसते समय कुछ बर्फ के टुकड़े डाल सकते हैं. सभी चीजों को पीसकर गाढ़ी और स्वादिष्ट हरी चटनी तैयार कर लें.
ये है मटर का 'मैजिक मसाला'
मटर का स्वाद बढ़ाने के लिए एक खास मसाला तैयार करें. इसके लिए कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, थोड़ी काली मिर्च और चाट मसाला लें. सभी मसालों को अच्छी तरह मिला लें. ये खास मसाला साधारण सफेद मटर में जबरदस्त चटपटा और स्ट्रीट स्टाइल स्वाद भर देगा.
इमली का पानी बनाने का आसान तरीका
इमली को गर्म पानी में भिगोकर कुछ देर रखें. इसके बाद हाथों से अच्छी तरह मसलकर इसका गूदा निकालें और पानी को छान लें. इससे खट्टा-मीठा इमली का पानी तैयार हो जाएगा.
ऐसे तैयार करें चटपटा दिल्ली स्टाइल मटर
1. मटर बनाने के लिए रातभर भिगोए हुए सफेद मटर को कुकर में डालें. इसमें करीब आधा कप पानी, थोड़ा नमक, 2 लौंग, 1 तेज पत्ता और थोड़ी हल्दी डालें. ध्यान रखें कि पानी बहुत ज्यादा न डालें क्योंकि जरूरत पड़ने पर बाद में पानी मिलाया जा सकता है.
2. कुकर बंद करके मटर को मध्यम आंच पर 4 से 5 सीटी तक पकाएं. मटर अच्छी तरह गलने चाहिए, ताकि उन्हें दबाने पर वे आसानी से मैश हो जाएं.
3. कुकर ठंडा होने के बाद मटर को निकाल लें और तेज पत्ता व लौंग अलग कर दें. अब इसमें तैयार किया हुआ मैजिक मसाला डालें. 1 कप मटर के लिए करीब 2 छोटी चम्मच मसाला काफी रहेगा.
4. इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और अदरक डालें. अब करीब 3 बड़े चम्मच इमली का पानी और 2 से 3 बड़े चम्मच हरी चटनी डालें.
5. ऊपर से हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. मटर को हल्का दबाते हुए मिलाएं, ताकि कुछ मटर मैश हो जाएं और ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी हो जाए.
गेहूं के आटे से ऐसे बनाएं सॉफ्ट कुलचा
1. दिल्ली में मिलने वाला कुलचा घर पर बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें बेकिंग पाउडर, चीनी और थोड़ा नमक डालकर मिलाएं. अब इसमें हल्का खट्टा दही और 1 बड़ा चम्मच तेल डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें.
2. आटा तैयार होने के बाद इसके ऊपर थोड़ा तेल लगाएं, ताकि ये सूखे नहीं. अब आटे को 30 से 60 मिनट के लिए ढककर रख दें.
3. जब आटा अच्छे से रेस्ट कर ले उसके बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को हल्का सा फैलाएं और ऊपर से कलौंजी और बारीक कटा हरा धनिया डालें. चाहें तो सादा कुलचा भी बना सकते हैं.
4. अब सूखा आटा लगाकर इसे बेलें. कुलचे को रोटी की तरह बहुत पतला न बेलें. ये आलू पराठे जितना मोटा होना चाहिए. आप इसे गोल या अंडाकार, अपनी पसंद के आकार में बेल सकते हैं.
5. अब तवा गर्म करें और कुलचा डालकर मीडियम आंच पर पकाएं. जब ऊपर हल्के बुलबुले दिखाई देने लगें, तो तवे पर थोड़ा पानी डालें और तुरंत ढक्कन से ढक दें. भाप की मदद से कुलचा अंदर से अच्छी तरह पक जाएगा और बेहद सॉफ्ट बनेगा.6. कुछ देर बाद कुलचे को पलटकर दूसरी तरफ से भी सेंकें. कुलचा फूलने लगे तो समझिए ये तैयार है. तवे से उतारते ही इसके ऊपर थोड़ा मक्खन लगा दें.
ऐसे करें मटर-कुलचे की प्लेटिंग
अब प्लेट में गरमा-गरम चटपटा मटर निकालें. ऊपर से कटे हुए टमाटर, कच्चा प्याज, हरा धनिया और अदरक की जूलियन डालें. थोड़ा और हरी चटनी डालें और आखिर में नींबू का रस निचोड़ दें. लीजिए तैयार है दिल्ली स्ट्रीट स्टाइल मटर-कुलचा.
---- समाप्त ----