भारत के न्योते पर बांग्लादेश बोला- हम सोचेंगे, दिया ऐसा रिप्लाई
भारत के न्योते पर बांग्लादेश बोला- हम सोचेंगे, दिया ऐसा रिप्लाई
Jul 30, 2026 10:10 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन भारत में होना है और इसके लिए बांग्लादेश को भी न्योता भेजा गया है। खास बात है कि यह दूसरा मौका है, जब भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को आमंत्रित किया है। हालांकि, अब तक इसे स्वीकार नहीं किया गया है।

भारत ने बांग्लादेश को ब्रिक्स बैठक का न्योता भेजा है। (Bangladesh PM office/ANI Photo)
BRICS शिखर सम्मेलन में भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को शामिल होने के लिए न्योता भेजा है। हालांकि, इसे अब तक स्वीकार नहीं किया गया है और कहा है कि इस पर विचार करेंगे। वहीं, ढाका का यह भी कहना है कि भारत के साथ संबंधों में कुछ अड़चनें हैं, जिन्हें दूर किया जाना है। उन्होंने यह बयान ऐसे समय पर दिया है, जब अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने का ऐलान कर दिया है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने कहा है कि भारत की तरफ से दिए गए न्योते पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'हम अभी इस पर विचार कर रहे हैं।' हालांकि, उन्होंने अब तक यह साफ नहीं किया है कि रहमान भारत की यात्रा करेंगे या नहीं। खास बात है कि उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत न्योता देने वाले सबसे शुरुआती देशों में शामिल था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले फरवरी में अपने बांग्लादेशी समकक्ष को परिवार के साथ भारत आने का निमंत्रण दिया था।
संबंधों पर क्या बोले
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, बांग्लादेशी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत के साथ संबंधों में अड़चनों को दूर किया जाना है। वह बुधवार को ढाका में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी से मिले थे। उन्होंने कहा था, 'हमने किसी खास मुद्दे पर बात नहीं की। कुछ परेशानियां हैं। वह यह जानता है। मैं भी जानता हूं। उन्हें सुलझाना बहुत जरूरी है। हर कोई उस जरूरत को समझता है।'
ढाका में भारतीय उच्चायोग ने लिखा कि उच्चायुक्त ने 'बांग्लादेश के साथ आपसी हितों और आपसी लाभ पर आधारित सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर की गई साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया, साथ ही सभी क्षेत्रों में लोगों पर केंद्रित सहयोग को और गहरा करने की बात कही।'
पोस्ट में कहा गया कि उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा के लिए विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम से भी मुलाकात की।
और भी मिले हैं न्योते
रहमान ने कहा कि प्रधानमंत्री को विदेश यात्राओं के लिए कई आमंत्रण मिले हैं और उन्हें न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी शामिल होना है। उन्होंने कहा, 'इसलिए, हमें इन सभी कार्यक्रमों पर एक साथ विचार करना होगा।'
भारत से पहुंचे स्पेशल फ्रूट
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बुधवार को सद्भावना के तौर पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को विशेष किस्म के अनानास की एक खेप भेजी। देश में उगाए गए 'केव' किस्म के अनानास की 100 पेटी अगरतला के पास स्थित अखौरा एकीकृत जांच चौकी के रास्ते ढाका भेजी गई। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री द्वारा त्रिपुरा के मुख्यमंत्री को हाल में 'हरिभंगा' आम तोहफे में दिए जाने के बाद ये अनानास भेजे गए हैं।
