बांकीपुर उपचुनाव: नतीजे आने से पहले ही चुनाव आयोग पहुंचे प्रशांत किशोर, पटना एसएसपी के खिलाफ की शिकायत - Haribhoomi
बांकीपुर उपचुनाव: नतीजे आने से पहले ही चुनाव आयोग पहुंचे प्रशांत किशोर, पटना एसएसपी के खिलाफ की शिकायत
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे आने से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव आयोग पहुंचे हैं। उन्होंने पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा पर पुलिसिया कार्रवाई और चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया है।
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे आने से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव आयोग पहुंचे हैं। (File Photo)
- Published: 01 Aug 2026, 06:37 PM IST
- Last Updated: 01 Aug 2026, 06:37 PM IST
Prashant Kishor: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजे आने से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर एक बार फिर चुनाव आयोग के दरवाजे पहुंचे हैं। पीके ने शनिवार दोपहर बाद पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ पटना स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने चुनाव आयोग से पटना के सीनियर पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा की औपचारिक शिकायत की है।
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि एसएसपी ने अपने मातहत काम करने वाले पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर बांकीपुर में मतदान और पूरी चुनावी प्रक्रिया को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।
मतदाताओं को धमकाने और कार्यकर्ताओं के शोषण का आरोप
कार्यालय से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पटना एसएसपी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ मिलकर बांकीपुर में पिछले तीन दिनों से जबरन पुलिसिया कार्रवाई को अंजाम दिया है। उनके मुताबिक, पुलिस और आपराधिक तत्वों ने मिलकर गुंडागर्दी की और वोटर्स को डराने-धमकाने का प्रयास किया। साथ ही, जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी भारी शोषण किया गया।
#WATCH | Patna, Bihar: Prashant Kishor, founder of Jan Suraj and the party's candidate from the Bankipur Assembly Bypoll, says, "We have lodged a formal complaint, supported by written evidence, against the Patna SSP regarding the police's conduct over the past three days during… pic.twitter.com/u2J3AO7lk9
— ANI (@ANI) August 1, 2026
पीके का दावा है कि उनके पास इन तमाम अनियमितताओं और धांधली के पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने चुनाव आयोग को सौंप दिया है।
उन्होंने यह भी ऐलान किया कि वह रविवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इन सभी सबूतों को जनता और मीडिया के सामने सार्वजनिक करेंगे।
चुनाव आयोग ने दिया जांच का आश्वासन
प्रशांत किशोर के अनुसार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उनकी शिकायतों पर तुरंत गंभीर संज्ञान लिया है। आयोग ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का पूरा आश्वासन दिया है। लिखित शिकायत में मुख्य रूप से पटना एसएसपी को नामजद किया गया है।
पीके का आरोप है कि एसएसपी और उनके अधीनस्थ पदाधिकारियों ने मिलकर लोकतंत्र की हत्या करने की नापाक कोशिश की है।
वोटिंग से पहले भी आयोग गई थी जन सुराज पार्टी
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब बांकीपुर चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने निर्वाचन आयोग का रुख किया हो। मतदान से ठीक पहले 29 जुलाई को भी जन सुराज के नेताओं ने आयोग से बीजेपी और स्थानीय पुलिस की शिकायत की थी। पार्टी ने तब आरोप लगाया था कि पुलिस उनके नेताओं को बेवजह परेशान कर रही है और बीजेपी नेता चुनाव आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं।
इसके अलावा, जन सुराज ने चुनाव के दौरान जीविका दीदियों और अर्धसैनिक बलों (पैरा मिलिट्री फोर्स) की ड्यूटी नहीं लगाए जाने की भी प्रमुखता से मांग उठाई थी।
3 अगस्त को आएंगे बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे
पटना शहर की वीआईपी मानी जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान संपन्न हुआ था। खुद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर इस सीट से चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनका मुख्य मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता से है।
बांकीपुर सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है, जो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद रिक्त हुई थी। इस बहुप्रतीक्षित बांकीपुर उपचुनाव के चुनाव परिणाम आगामी सोमवार यानी 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।