गजब! हथकड़ी खुली और भाग निकला आरोपी... समस्तीपुर कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर पॉक्सो आरोपी फरार

Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पॉक्सो एक्ट के एक मामले में न्यायिक हिरासत में बंद विचाराधीन कैदी पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया. घटना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही नगर थाना, मुफस्सिल थाना और डीआईयू की टीमें मौके पर पहुंचीं और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी.

एक साल से जेल में बंद था आरोपी

फरार विचाराधीन बंदी की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर निवासी रोशन कुमार उर्फ साजन, पिता विजय सिंह के रूप में हुई. वह पिछले करीब एक साल से पॉक्सो एक्ट के एक मामले में मंडल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद था. सोमवार को उसकी पॉक्सो कोर्ट में पेशी तय थी, जिसके लिए पुलिस उसे न्यायालय लेकर पहुंची थी.

ये भी पढ़ें- 6 लाख की सुपारी, 4 शूटर और बदले की आग JDU नेता के बेटे के मर्डर की पूरी कहानी, सूरज बिहारी हत्याकांड से क्या कनेक्शन?

हथकड़ी खुलते ही भाग निकला आरोपी

पुलिस के अनुसार, कोर्ट में पेशी के दौरान जैसे ही पुलिसकर्मी उसकी हथकड़ी खोलने लगे, आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. अचानक हुई इस घटना से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तत्काल कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला.

घटना के बाद पुलिस ने न्यायालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. साथ ही आरोपी की मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम

समस्तीपुर सदर डीएसपी-1 संजय कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर विशेष टास्क टीम का गठन किया गया है. यह टीम लगातार छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

यह पहली बार नहीं है जब समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय से कोई बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ हो. इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. एक बार फिर हुई इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ज्योति कुमार सिंह

ज्योति कुमार सिंह

बिहार के समस्तीपुर से वर्ष 2000 में पत्रकारिता जगत में सक्रिय होने वाले ज्योति कुमार सिंह कई दैनिक अखबारों में काम कर चुके हैं. इसमें राजनीतिक, सामाजिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने का अवसर प्राप्त हुआ. समस्तीपुर जिले में कई महत्वपूर्ण आंदोलनों के दौरान अन्य रिपोर्टरों से अलग खबर ढूंढना और उसे जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रही है. शुरुआती दौर में मैंने दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, दैनिक हिंदुस्तान, दैनिक प्रभात खबर, अर्ली मॉर्निंग, मिथिला आवाज, हमार टीवी, मौर्य टीवी, ETV, राज्यसभा टीवी के साथ काम किया. इसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े और समस्तीपुर से रिपोर्टर हैं.

Read More

google button