'मेरा बेटा तो खाना लेकर घर से निकला था, कैसे पहुंचा दिल्ली...', पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले की मां का चौंकाने वाला दावा
देश
'मेरा बेटा तो खाना लेकर घर से निकला था, कैसे पहुंचा दिल्ली...', पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले की मां का चौंकाने वाला दावा
- Edited by: पीयूष कुमार
- Updated Aug 3, 2026, 10:46 PM IST
दिल्ली में सांसद पप्पू यादव पर कथित चप्पल फेंकने के आरोपी सुमित की मां ने दावा किया कि उनका बेटा खाना लेकर घर से निकला था और उन्हें टीवी देखने के बाद ही उसके दिल्ली पहुंचने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार सुमित बुलंदशहर का निवासी है, उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और मामले की जांच जारी है।
![]()
पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले की मां ने खोले कई राज।
Photo :
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव (Pappu Yadav) पर कथित रूप से चप्पल फेंकने के आरोपी युवक की मां ने सोमवार को यहां दावा किया कि उनका बेटा खाना लेकर घर से निकला था और उसके दिल्ली में होने की जानकारी उन्हें टेलीविजन देखने के बाद मिली।
दिल्ली में एक पत्रकार वार्ता के दौरान एक युवक ने पप्पू यादव पर कथित रूप से चप्पल फेंकी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में प्रसारित हुआ। सांसद ने आरोप लगाया था कि हमलावर उन्हें नुकसान पहुंचाने की नीयत से चाकू लेकर आया था। आरोपी सुमित की मां ने कहा कि उनका बेटा दोपहर में खाना लेकर घर से निकला था और टीवी पर घटना देखने के बाद ही उन्हें पता चला कि वह दिल्ली पहुंच गया है।
'मुझे नहीं पता मेरा बेटा दिल्ली कैसे पहुंचा'
सिकंदराबाद विकासखंड के तहत शहपानी गांव की रहने वाली सुमित की मां ने बताया कि उनका बेटा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे खाना लेकर घर से निकला था। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि उनका बेटा दिल्ली कैसे पहुंचा और उसे कौन लेकर गया था। सुमित की मां ने बताया कि टेलीविजन पर घटना देखने के बाद ही उन्हें सुमित के दिल्ली में होने की जानकारी मिली।
बुलंदशहर का रहने वाला है सुमित
इस बीच, पप्पू यादव पर कथित हमले के आरोपियों सुमित और हैप्पी के सत्तारूढ़ दल से जुड़े होने की चर्चा है। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 34 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर का रहने वाला है और गाजियाबाद में लोहे के सामान बनाने का काम करता है। पुलिस ने बताया कि उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
पूछताछ के लिए हैप्पी शर्मा नामक एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों व्यक्तियों ने जांचकर्ताओं को बताया कि वे किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं। उन्होंने खुद को ’’सनातन धर्म को मानने वाला’’ बताया और आरोप लगाया कि यादव के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और अब तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
![]()
पीयूष कुमारauthor
पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- India
End of Article