मिस वर्ल्ड की दौड़ में निकिता, साझा किया विजन: दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- 'भारत के लिए एक और मिस वर्ल्ड क्राउन लाना चाहती हूं' - Ujjain News
मिस वर्ल्ड की दौड़ में निकिता, साझा किया विजन:दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- 'भारत के लिए एक और मिस वर्ल्ड क्राउन लाना चाहती हूं'
आनंद निगम। उज्जैन1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

उज्जैन की बेटी निकिता पोरवाल अब विश्व सुंदरी बनने की दौड़ में भारत की उम्मीद बनकर वियतनाम रवाना होने वाली हैं। 9 अगस्त से शुरू हो रही 73वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में 120 देशों की प्रतिभागियों के बीच वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का ताज जीतने के बाद अब उनका अगला लक्ष्य मिस वर्ल्ड का क्राउन है। वियतनाम रवाना होने से पहले निकिता ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में अपनी तैयारी, जिम्मेदारी, 'माटी' प्रोजेक्ट और उज्जैन से मिले संस्कारों पर खुलकर बात की।

उज्जैन में अपने पैरेंट्स के साथ निकिता।

निकिता पोरवाल, उज्जैन में अपने एक शूट के समय।
दैनिक भास्कर: मिस इंडिया बनने के बाद अब मिस वर्ल्ड तक का सफर कैसा रहा?
निकिता: यह सफर मेरे जीवन का सबसे खूबसूरत अनुभव रहा। इस दौरान मैंने केवल ग्रूमिंग और ट्रेनिंग ही नहीं सीखी, बल्कि जीवन के कई उतार-चढ़ाव भी देखे। कई असफलताओं ने मुझे मजबूत बनाया। आदिवासी गांवों में जाकर महिलाओं और बच्चों के बीच काम करना, उनकी समस्याओं को समझना और उनसे सीखना मेरे व्यक्तित्व का अहम हिस्सा बन गया। अब भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

दैनिक भास्कर: वियतनाम जाने से पहले तैयारी किस स्तर पर चल रही है?
निकिता: तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भारत से मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता को लेकर हमेशा बड़ी उम्मीदें रहती हैं, क्योंकि हमारे देश ने सबसे अधिक मिस वर्ल्ड खिताब जीते हैं। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए मैं हर पहलू पर मेहनत कर रही हूं। मेरा पूरा फोकस यही है कि मैं भारत के लिए एक और मिस वर्ल्ड क्राउन लेकर लौटूं।

दैनिक भास्कर:अगर आप मिस वर्ल्ड बनती हैं तो सबसे पहले किस प्रोजेक्ट पर काम करेंगी?
निकिता: मैं अपने 'माटी' (MAATI) प्रोजेक्ट को वैश्विक स्तर तक ले जाना चाहती हूं। अभी यह आदिवासी महिलाओं और बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए काम कर रहा है। यदि मिस वर्ल्ड का मंच मिला तो मेरी कोशिश होगी कि यह मॉडल केवल मध्यप्रदेश या भारत तक सीमित न रहे, बल्कि दुनिया के अन्य देशों में भी इसे अपनाया जा सके।

दैनिक भास्कर: उज्जैन जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक शहर ने आपकी सोच को कितना प्रभावित किया?
निकिता: उज्जैन केवल एक शहर नहीं, बल्कि कहानियों और संस्कृति का संगम है। बचपन से सुनी पौराणिक कथाएं, इतिहास और दादा-दादी की कहानियों ने मुझे कथाकार बनाया। आज जब मैं मिस वर्ल्ड के मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करूंगी तो अपने साथ वही भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कार लेकर जाऊंगी, जिन्होंने मुझे गढ़ा है।

ये खबर भी पढ़ें…
मिस इंडिया-2024 निकिता पोरवाल ने महाकाल से लिया आशीर्वाद

मिस इंडिया 2024 निकिता पोरवाल गुरुवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। निकिता अगले वर्ष होने वाली मिस वर्ल्ड 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।पूरी खबर पढ़ें
.