एक्ट्रेस तृषा को लेकर स्टालिन ने कही डबल मीनिंग बात, भड़के थलपति विजय के विधायक
एक्ट्रेस तृषा को लेकर स्टालिन ने कही डबल मीनिंग बात, भड़के थलपति विजय के विधायक
Aug 04, 2026 05:59 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
TVK विधायक रेवंत चरण ने इस टिप्पणी को घिनौना बताया। उन्होंने कहा कि किसी के भी खिलाफ इस तरह की भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती है। भाजपा ने भी इसे अभद्र बताया है।

TVK विधायक रेवंत चरण ने इस टिप्पणी को घिनौना बताया
तमिलनाडु में इन दिनों कावेरी जल विवाद को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। इस बीच अब DMK नेता उदयनिधि स्टालिन की एक टिप्पणी पर बवाल मच गया है। उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय को निशाना बनाने की कोशिश करते समय अभिनेत्री तृषा पर अभद्र टिप्पणी की है। उनके डबल मीनिंग बयान को लेकर अब राज्य में बवाल शुरू हो गया है। जहां TVK ने इस तरह की भाषा को अस्वीकार्य बताया है, वहीं भाजपा ने भी इसे अश्लील बताते हुए स्टालिन के खिलाफ एक्शन की मांग की है।
दरअसल स्टालिन तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे थे। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन थलपति विजय पर निशाना साधने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच उदयनिधि जब अपनी बात रख रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने ‘तृषा, तृषा’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
नारों के बीच उदयनिधि थोड़ी देर के लिए रुके, मुस्कुराए और एक अजीबोगरीब टिप्पणी की। इस टिप्पणी को लोग मुख्यमंत्री विजय और उनकी कोएक्ट्रेस और करीबी मित्र मानी जाने वाली अभिनेत्री तृषा पर तंज बता रहे हैं। उदयनिधि स्टालिन ने कहा, "पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, वहां जरूर पहुंचना चाहिए।" हालांकि इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वे कावेरी नदी के पानी की बात कर रहे थे।
भड़की TVK
उदयनिधि स्टालिन के भाषण का यह वीडियो जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही विजय की पार्टी, सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) बुरी तरह भड़क गई। TVK विधायक रेवंत चरण ने इस टिप्पणी को घिनौना बताते हुए कहा कि किसी के भी खिलाफ ऐसी भाषा पूरी तरह से अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि कावेरी प्रदर्शन में भीड़ नहीं जुटी, इसीलिए ध्यान खींचने के लिए DMK इस तरह के उकसावे का सहारा ले रही है। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक रेवंत चरण ने कहा, “यह DMK की गिरती राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। तमिलनाडु की जनता ने इसी कारण आपको नकार कर इस स्थिति में लाकर खड़ा किया है।”
वहीं भाजपा ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। तमिलनाडु भाजपा के राज्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने उदयनिधि की टिप्पणी को अश्लील और शर्मनाक बताते हुए पूर्व सीएम एमके स्टालिन की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि उदयनिधि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इन सब के बीच तमिलनाडु सरकार ने कावेरी नदी के पानी के अपने कानूनी अधिकार को लेकर अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
