जालौन में तीन लुटेरे गिरफ्तार: लूटी गई बाइक, नकदी, तमंचा व बलेनो कार बरामद - Jalaun News

जालौन में तीन लुटेरे गिरफ्तार:लूटी गई बाइक, नकदी, तमंचा व बलेनो कार बरामद

अनुज कौशिक | जालौन20 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जालौन की थाना एट पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, 4,500 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस डाक्टर ईशान सोनी और कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद ने संयुक्त रूप से पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए बताया कि थाना एट क्षेत्र निवासी लक्ष्मी नारायण ने 10 जुलाई 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि 7 जुलाई की रात वह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान चार पहिया वाहन में सवार तीन-चार अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक के आगे अपनी कार लगाकर रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उनका मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और 8 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना एट में मुकदमा संख्या 93/2026, धारा 309(4) एवं 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना एट के प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह और उनकी पुलिस टीम ने स्वाट सर्विलांस टीम के सहयोग से मामले की जांच शुरू की। शनिवार को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक पुत्र बाल किशन अहिरवार (20 वर्ष) निवासी ग्राम रतोसा थाना उल्दन, जनपद झांसी, विनय कुमार पुत्र मुकेश कुमार (22 वर्ष) निवासी ग्राम सिजवां थाना टोडीफतेहपुर, जनपद झांसी तथा साकिर पुत्र हजरत (20 वर्ष) निवासी ग्राम हाटी थाना उल्दन, जनपद झांसी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, 4,500 रुपये नकद, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार बरामद अवैध हथियार के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। विवेक के विरुद्ध झांसी जनपद के थाना उल्दन में पूर्व से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

.