कॉकरोच पार्टी का नया अभियान- 'क्या बोलती पब्लिक', अभिजीत दीपके ने नेहरू का भी किया जिक्र
Abhijeet Dipke: कॉकरोच पार्टी के अभिजीत दीपके ने अपने नए अभियान का ऐलान किया है। इसमें उन्होंने पार्टी की विचारधारा से लेकर चंदा और आगे आने वाले अभियानों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी सितंबर से लिसनिंग टूर की शुरुआत करेगी।
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रव्यापी अभियान का ऐलान कर दिया है। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने गुरुवार को महाराष्ट्र में अपने साथियों के साथ नए अभियान 'क्या बोलती पब्लिक' का ऐलान किया। इसके साथ ही दीपके ने पार्टी की सदस्यता, कार्यकारिणी, चंदा और विचारधारा से जुड़े तमाम किस्सों को बड़ी ही बारीकी के साथ साझा कर दिया। दीपके की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पार्टी के ऑफिशियल हैंडल और प्रवक्ता सौरभ दास के हैंडल ने इसको लिखित रूप में भी सार्वजनिक किया। इस बयान में पार्टी की नई 14 सदस्यीय कार्यकारिणी के लोगों का नाम था और इसके साथ ही पार्टी की आगामी रणनीति का भी जिक्र किया गया था।
नीट पेपर लीक मुद्दे पर सरकार पर दबाव बनाकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने वाली कॉकरोच जनता पार्टी अब पूरे देश में अपना प्रभाव बढ़ाने के बारे में सोच रही है। इसके लिए उसने अपनी रूप रेखा भी तय कर दी है। आइए जानते हैं पार्टी के इस पूरे अभियान के बारे में…
सितंबर से शुरू होगा पार्टी का लिसनिंग टूर
पार्टी प्रवक्ता सौरभ दास ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बताया कि कॉकरोच पार्टी सितंबर से अपने 'क्या बोलती पब्लिक'अभियान को शुरू कर देगी। इसमें लिसनिंग टूर (लोगों की बात को सुनने का अभियान) शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन को जमीनी स्तर पर ले जाया जाएगा। लोगों की बात सुनी जाएगी।" उन्होंने कहा कि पार्टी को उम्मीद है कि वह भारत की युवा पीढ़ी की उम्मीदों, चिंताओं और विचारों को सुनकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर पाएगी। इस मामले पर दीपके ने कहा, ''इस 'क्या बोलती पब्लिक' मुहिम के दौरान हमें पता चलेगा कि देश के मौजूदा हालात के बारे में लोग क्या सोचते हैं और उन्हें किन मुद्दों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि यह लोगों की बात सुनने का समय है।''
कॉकरोच जनता पार्टी की कार्यकारिणी का ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी अभी तक बिना किसी आधिकारिक व्यवस्था के काम कर रही थी। लेकिन दीपके के घर पर इसका पूरा चेहरा बनाया गया। गुरुवार को पार्टी ने अपनी 14 सदस्यीय कार्यकारी समिति का भी ऐलान किया। इसमें अभिजीत दीपके को पार्टी का संयोजक बनाया गया, जबकि मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका इसके सह-संयोजक होंगे।
पार्टी की सदस्यता- पार्टी की सदस्यता के लिए भी दीपके ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही ऐलान किया। उन्होंने एक क्यूआर कोड के जरिए उन सभी लोगों से पार्टी की सदस्यता लेने की अपील की, जो किसी भी तरीके से इस आंदोलन से जुड़े हुए थे।
शिक्षा के मुद्दे पर होगा जोर- कॉकरोच जनता पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी ने आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि उनका लक्ष्य युवाओं और उनसे जुड़ी समस्याओं पर ध्यान देने पर है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपके ने भी इसका जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि कोई भी 'जेन-जी' की उम्मीदों और सपनों के बारे में बात नहीं करना चाहता। उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ''देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा युवा है, जो भविष्य में देश चलाएंगे। इसलिए, उनसे सलाह लिए बिना कोई भी नीतिगत निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए। हम उनकी समस्याओं को समझने के लिए हितधारकों से बातचीत शुरू करेंगे।"
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के विरोध-प्रदर्शन की सबसे बड़ी कामयाबी बताते हुए दीपके ने कहा, ''पिछले 10-12 साल में इस सरकार ने लोगों के मन में जो डर पैदा किया था, वह अब खत्म हो गया है। देश के युवाओं को आवाज मिल गई है। अब लोग सड़कों पर उतरेंगे। आज उन्होंने एक व्यक्ति का इस्तीफा मांगा है। कल वे अन्य व्यक्तियों का भी इस्तीफा मांगेंगे।''
युवा बेरोजगारों की उठाएंगे आवाज- दीपके
दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन में सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि बेरोजगार युवा भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा, ''बेरोजगारी एक बड़ी समस्या है, हम इसे देशव्यापी मुद्दा बनाएंगे। हम शिक्षा में सुधार के लिए काम करेंगे। शिक्षा, स्कूली शिक्षा से ही वहनीय नहीं है। वर्तमान में, शिक्षा (क्षेत्र) मुनाफा कमाने का व्यवसाय बन गया है। लेकिन हम इसे बदलना चाहते हैं।''
दीपके ने उल्लेख किया कि देश में 60 प्रतिशत लोग 35 साल से कम उम्र के हैं और जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने वालों में भी ऐसे ही लोग शामिल थे।
पार्टी की विचारधारा- पार्टी की विचारधारा के सवाल का भी अभिजीत दीपके ने बेहतर तरीके से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी विकसित भारत के लिए डॉ भीम राव आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित (जवाहरलाल) नेहरू की दृष्टि के अनुसार काम करेगी। हमारी विचारधारा वही है जो भारत के संविधान की है।
बता दें, कॉकरोच जनता पार्टी के ऊपर आम आदमी पार्टी का सहयोगी होने के आरोप लगाए जाते रहे हैं।
प्रेशर ग्रुप की तरह काम करेगी कॉकरोच जनता पार्टी- दीपके
अभिजीत दीपके ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी देश में राजनीतिक विमर्श का तरीका बदलना चाहती है। यह शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दों पर चर्चा चाहती है। यह एक दबाव समूह के तौर पर काम करेगी और युवाओं तथा शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपना काम जारी रखेगी।
उन्होंने कहा, "हम प्रेशर ग्रुप के तौर पर हम राजनीतिक विमर्श का तरीका बदलना चाहते हैं। उत्तर प्रदेश में राजनीतिक विमर्श 'श्मशान भूमि' और 'कब्रिस्तान' के इर्द-गिर्द घूमता है, जबकि महाराष्ट्र में 'बंटोगे तो कटोगे' की बात होती है। लेकिन इन बातों से किसी को नौकरी या अच्छी शिक्षा नहीं मिलेगी। इसलिए, हम चाहते हैं कि राजनीतिक विमर्श शिक्षा और बेरोजगारी पर हो।'' उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता शिक्षा में सुधार लाने की होगी। उन्होंने कहा कि देश इसलिए पिछड़ रहा है कि राजनीतिक पार्टियां और सरकार में बैठे लोग शिक्षा को प्राथमिकता नहीं देते।
पार्टी की फंडिंग का क्या?- पार्टी की फंडिंग के सवाल पर दीपके ने कहा कि वह अभी भी इस पर काम कर रहे हैं। उनके पास कोई फंडिंग नहीं है। वह जनता से ही पैसा मांगेंगे। इसके बाद वह जनता के लिए ही यह काम करेंगे। दीपके ने वहां मौजूद पत्रकारों से भी कॉकरोच जनता पार्टी के नाम दान देने की अपील की।