'जेन जी हमारी ताकत', 'गटर जनरेशन' वाले बयान के बाद कंगना रनौत का यूटर्न

'जेन जी हमारी ताकत', 'गटर जनरेशन' वाले बयान के बाद कंगना रनौत का यूटर्न

Aug 07, 2026 07:26 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने जेन जी को लेकर यू टर्न लिया है। पहले गटर जनरेशन कहकर विवाद खड़ा करने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री ने अब कहा कि युवा हमारे देश की ताकत हैं। संघ प्रमुख मोहन भागवत का जिक्र करते हुए कंगना ने कहा कि युवा हमारी राष्ट्रीय धरोहर हैं।

Kangana Ranaut U turn says

जेन जी पर कंगना रनौत का यू-टर्न

Kangana Ranaut: बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने जेन जी के ऊपर यू-टर्न लिया है। पहले जेन जी को गटर जनरेशन बोलकर विवादों में आईं भाजपा सांसद ने अब इस जनरेशन को 'देश की धरोहर और ताकत' बताया है। ‘गटर जनरेशन’ वाले बयान को लेकर रनौत की पहले काफी आलोचना हो चुकी है। उन्होंने उस समय सफाई भी दी थी और कुछ युवा लोगों की तस्वीरें शेयर करके लिखा था कि यह भी जेन जी हैं, जो भारत के मान को बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के साथ आंदोलन में मौजूद लोगों की आलोचना की थी।

गुरुवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत के जेन जी पर दिए बयान के बाद संसद के बाहर पत्रकारों ने एक बार फिर से कंगना रनौत से वही सवाल किया। इस पर उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "जेन जी हमारे देश की ताकत है। एक तरीके से कहें, तो वह हमारे देश की बड़ी धरोहर हैं। हमारे जो युवा बच्चे हैं। मोहन भागवत जी के अनुभव भी हमें सुनने को मिले हैं। जेन जी हमारे देश की ताकत और एक बड़ी संपत्ति है। हमें बहुत खुशी है कि हमारे युवा तेजी से हमारी संस्कृति और पहचान के दूत के रूप में उभर रहे हैं।"

'गटर जनरेशन' वाले बयान पर विवादों में कंगना

इससे पहले सांसद ने युवाओं को 'गटर जेनरेशन' कहते हुए उनपर आक्रामक व्यवहार करने तथा व्यक्तिगत जवाबदेही की कमी का आरोप लगाया था। सोशल मीडिया पर इसकी कड़ी आलोचना हुई थी। शुक्रवार को उन्होंने श्री भागवत की युवाओं के साथ हुई बातचीत की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री को गाली देने वाले कुछ मुट्ठी भर लोग पूरी 'जेन जी' पीढ़ी का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। इसके बाद कंगना ने सीधे तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों के ऊपर हमला किया था। इसके बाद दोनों के बीच में विवाद बढ़ गया था। कॉकरोच प्रवक्ता सौरभ दास ने इस में बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन का नाम भी घसीट लिया था।

संघ प्रमुख ने क्या कहा था?

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने मुंबई में गुरुवार को एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन बातचीत का एक वैध तरीका है। उन्होंने कहा था, "अगर जेन जी आंदोलन कर रहे हैं, तो वे राष्ट्र-विरोधी नहीं हैं। वे हमारे अपने लोग हैं, हमारी अगली पीढ़ी हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि जेन जी अगर विरोध कर रहा है, तो इसके पीछे वजह हैं। अगर उनकी बातें सुन ली जातीं, तो फिर जंतर मंतर का आंदोलन होता ही नहीं। इसके अलावा मोहन भागवत ने इस जेन जी को पुरानी पीढ़ी से अलग बताते हुए कहा कि पुरानी पीढ़ी सवाल नहीं करती थी। बल्कि जो बड़ों ने कह दिया उसे मान लेती है। यह पीढ़ी सवाल करती है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा पुरानी पीढ़ी से भी ज्यादा ईमानदार और देशभक्त है।