भारतीय वायुसेना में भावना कांत की नई उड़ान, पहली महिला फाइटर कॉम्बैट लीडर बन रचा इतिहास
एजुकेशन
भारतीय वायुसेना में भावना कांत की नई उड़ान, पहली महिला फाइटर कॉम्बैट लीडर बन रचा इतिहास
- Authored by: नीलाक्ष सिंह
- Updated Aug 7, 2026, 06:02 PM IST
Bhawana Kanth Success Story: भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन लीडर भावना कांत ने भारतीय वायुसेना के सबसे कठिन और प्रतिष्ठित कोर्स में से एक फाइटर कॉम्बैट लीडर (FCL) को सफलतापूर्वक पूरा करके इतिहास रच दिया है।
![]()
Bhawana Kanth Success Story
Bhawana Kanth Success Story in Hindi: जब इंसान अपने सपनों पर भरोसा करता है और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करता है, तो इतिहास खुद ब खुद लिख जाता है। भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन लीडर भावना कांत की कहानी कुछ ऐसी ही है। उन्होंने फाइटर कॉम्बैट लीडर (FCL) कोर्स पूरा करके भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर पायलट बनने का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि देश की हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखने का साहस रखती है। यह कोर्स मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (TACDE) में कराया जाता है। इसे भारतीय वायुसेना के सबसे कठिन और प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में गिना जाता है। करीब 20 सप्ताह तक चलने वाले इस कोर्स में केवल चुनिंदा और बेहतरीन पायलटों को ही शामिल होने का मौका मिलता है। यहां पायलटों को आधुनिक हवाई युद्ध, रणनीति और मुश्किल परिस्थितियों में नेतृत्व करने की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है।
भावना कांत का नाम पहली बार साल 2016 में पूरे देश ने सुना था। उस समय वह अवनी चतुर्वेदी और मोहना सिंह के साथ भारतीय वायुसेना की पहली तीन महिला फाइटर पायलटों में शामिल हुई थीं। उस दिन से लेकर आज तक उन्होंने लगातार अपनी मेहनत और प्रतिभा से नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। अब फाइटर कॉम्बैट लीडर बनने के बाद उन्होंने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती।
महिलाएं लगातार बना रही हैं नए रिकॉर्ड
भारतीय वायुसेना में पिछले कुछ वर्षों में कई महिला अधिकारियों ने नए कीर्तिमान बनाए हैं। स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह को हाल ही में क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (QFI) का बैज मिला था। उन्होंने पिछले साल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भी कराई थी। इसी साल स्क्वाड्रन लीडर सान्या भी भारतीय वायुसेना की पहली महिला अधिकारी बनीं, जिन्होंने प्रतिष्ठित कैटेगरी-ए क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर की योग्यता हासिल की। अब भावना कांत की यह नई उपलब्धि इस प्रेरणादायक सफर को और आगे ले गई है।
क्या है TACDE की खासियत?
ग्वालियर स्थित TACDE भारतीय वायुसेना का सबसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थान माना जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1971 में हुई थी और 1972 में इसे TACDE का नाम दिया गया। यहां लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर, रडार सिस्टम और आधुनिक हथियारों से जुड़ी रणनीतियों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। यह संस्थान नए विमानों और हथियारों का परीक्षण भी करता है और पायलटों को ऐसी ट्रेनिंग देता है, जिससे वे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में सही फैसला ले सकें। इसकी तुलना अमेरिका के मशहूर "टॉप गन" प्रशिक्षण कार्यक्रम से भी की जाती है।
युवाओं के लिए सीख
भावना कांत की कहानी बताती है कि सफलता का कोई आसान रास्ता नहीं होता। इसके लिए लगातार मेहनत, अनुशासन और खुद पर भरोसा जरूरी है। उन्होंने हर चुनौती को अवसर बनाया और हर उपलब्धि के बाद खुद को और बेहतर साबित किया। आज उनकी सफलता लाखों युवाओं, खासकर बेटियों को यह संदेश देती है कि अगर लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी सपना दूर नहीं होता। हालात चाहे जैसे हों, हिम्मत और लगन के दम पर हर मंजिल हासिल की जा सकती है। यही सोच एक साधारण इंसान को असाधारण बना देती है।
![]()
नीलाक्ष सिंहauthor
नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Education
End of Article