राम-मंदिर चंदा मामले में सीएम की कोई भूमिका नहीं-पूर्व विधायक: बैजनाथ दुबे बोले- शासनाध्यक्ष होने के कारण मुख्यमंत्री पर सवाल किए जाते हैं - Gonda News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Gonda
  • Gonda Former SP MLA Baidyanath Dubey Defends CM Yogi On Ram Mandir Chanda Case

राम-मंदिर चंदा मामले में सीएम की कोई भूमिका नहीं-पूर्व विधायक:बैजनाथ दुबे बोले- शासनाध्यक्ष होने के कारण मुख्यमंत्री पर सवाल किए जाते हैं

गोंडा8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गोंडा के कटरा बाजार से पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक बैजनाथ दुबे ने अयोध्या श्रीराम मंदिर चंदा मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बचाव किया। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार में यदि कोई विवाद सामने आता है तो शासनाध्यक्ष होने के नाते मुख्यमंत्री पर सवाल उठना स्वाभाविक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनकी सीधे तौर पर कोई भूमिका हो।

दुबे ने कहा कि अयोध्या श्रीराम मंदिर चंदा प्रकरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोई प्रत्यक्ष संलिप्तता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि चंदे के उपयोग या कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी। शासनाध्यक्ष होने के कारण मुख्यमंत्री पर सवाल किए जाते हैं, जैसा कि पहले अन्य सरकारों में भी होता रहा है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या गोलीकांड को लेकर आज भी लोग उन्हें जिम्मेदार ठहराते हैं, जबकि वह स्वयं मौके पर मौजूद नहीं थे। शासनाध्यक्ष होने के कारण उन पर आरोप लगाए गए थे। इसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

बैजनाथ दुबे ने कहा कि लोग चंपत राय और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर भी लगातार टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना और उसकी आलोचना करना है, जिससे सरकार अधिक जवाबदेह बनती है।

उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे का भी जिक्र किया। दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक विवादित तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्राह्मण समाज के लोगों को निशाना बनाकर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि वह स्वयं कई बार अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी के समय राम जन्मभूमि का ताला खुलने के बाद भी वह दर्शन के लिए गए थे और आज भी नियमित रूप से अयोध्या जाते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए जाएंगे।

बैजनाथ दुबे ने कहा, "भगवान राम हम सभी के हैं। उनके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। आस्था सभी की है और उसे राजनीतिक लाभ-हानि से जोड़ना उचित नहीं है।"

.