राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर कांग्रेस का बड़ा हमला: मेरठ पहुंचे कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता बोले दलित बेटी के लिए न्याय मांगना कौन सा अपराध है - Meerut News

मेरठ में प्रेसवार्ता को संबोधित करते कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. अभय दुबे

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. अभय दुबे ने शनिवार को राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार, भाजपा और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर करोड़ो

.

देशभक्त जानना चाहते हैं कि राममंदिर का चंदा कहां गया?

प्रो. अभय दुबे ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति, मर्यादा और नैतिक चेतना के प्रतीक हैं। राम मंदिर आंदोलन के दौरान देश के गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं और सामान्य श्रद्धालुओं ने अपनी मेहनत की कमाई, गहने, बचत और आस्था के साथ मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद ने लगभग तीन दशकों तक भगवान श्रीराम के नाम पर देशभर में अभियान चलाया और इसी आंदोलन के आधार पर राजनीतिक लाभ प्राप्त किया। आज वही करोड़ों रामभक्त यह जानना चाहते हैं कि भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्र किया गया चंदा और मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया धन आखिर किसके संरक्षण में कथित रूप से लूटा गया। जनता अपने सवालों के जबाव चाहती है

अभय दुबे ने कहा कि पूरे देश की जनता तीन प्रश्नों का उत्तर चाहती है। पहला, जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार की देखरेख में हुआ, तो इस कथित घोटाले की जवाबदेही कौन लेगा? दूसरा, यदि सब कुछ पारदर्शी और नियमों के अनुसार था तो ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय तथा ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों हुए? तीसरा, यदि किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं हुई, तो सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में स्वतंत्र जांच से सरकार और ट्रस्ट को डर किस बात का है? उन्होंने कहा कि सरकार को इन सवालों का जवाब देश की जनता को देना चाहिए।

प्रधानमंत्री आखिर कब इस मुद्दे पर बोलेंगे अभय दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे मामले पर मौन क्यों हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट की शीर्ष नियुक्तियों और प्रशासनिक ढांचे में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री कार्यालय की भूमिका रही है। ऐसे में यदि गंभीर आरोप सामने आए हैं तो सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को स्वयं देश के सामने आकर स्पष्ट करना चाहिए कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कराई गई।

मेरठ की दलित बेटी का मामला भी उठाया प्रेस वार्ता के दौरान अभय दुबे ने मेरठ में दलित समाज की युवती की हत्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, महिलाओं के खिलाफ अपराध और दलित उत्पीड़न के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। हाथरस, उन्नाव और लखीमपुर खीरी जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब मेरठ की दलित बेटी की हत्या ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

बेगुनाहों पर भी मुकदमे किए गए उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जब कांग्रेस नेताओं और सामाजिक संगठनों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया तो प्रशासन ने आवाज़ दबाने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस नेता हेमंत प्रधान सहित अन्य कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि किसी दलित बेटी के लिए न्याय की मांग करना अपराध नहीं हो सकता। कांग्रेस पार्टी हेमंत प्रधान और सभी आंदोलनकारियों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

सीटों का फैसला आपसी सहमति से होगा प्रेस वार्ता के दौरान 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. अभय दुबे ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ बना हुआ है और आगामी विधानसभा चुनाव भी सहयोगी दल मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। गठबंधन में कोई किसी को सीटें "देता" या "लेता" नहीं है, बल्कि सभी सहयोगी दल आपसी सम्मान, संवाद और सहमति के आधार पर निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि समय आने पर गठबंधन की समन्वय समिति सभी दलों से बातचीत कर सीटों का अंतिम फैसला करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल भाजपा को सत्ता से हटाने के साझा लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं और सीटों का निर्धारण भी इसी भावना के अनुरूप होगा।

ये रहे मौजूद प्रेस वार्ता का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने किया, जबकि महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा कार्यक्रम के संयोजक रहे। बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।