बुलडोजर से ढहाए घर के मलबे पर रखा जाएगा अतीक अहमद के लाडले का शव! कसारी-मसारी में अबान को दफनाने की तैयारी
बुलडोजर से ढहाए घर के मलबे पर रखा जाएगा अतीक अहमद के लाडले का शव! कसारी-मसारी में अबान को दफनाने की तैयारी
Published: Saturday, August 8, 2026, 8:35 [IST]
Atiq Ahmad Son Aban Funeral: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को शनिवार, 8 अगस्त को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसके लिए कब्रिस्तान में कब्र खोदने से लेकर सुरक्षा तक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अबान का शव फिलहाल कसारी-मसारी के पास स्थित हटवा गांव में रखा गया है, जहां उनकी बुआ प्रवीन कुरैशी रहती हैं।
शुक्रवार को झांसी में पोस्टमार्टम के बाद शव हटवा गांव लाया गया। यहां अबान के अंतिम दीदार के लिए काफी लोग पहुंचे। अंतिम संस्कार से पहले शव को अतीक अहमद के पुश्तैनी घर की जगह पर भी रखा जाएगा। यह घर अब मलबे में बदल चुका है। पुलिस ने भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए वहां इंतजाम किए हैं। वहीं, जेल में बंद अबान के दोनों भाइयों को भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल मिल गई है।
कसारी-मसारी में खोदी गई कब्र
अबान को अतीक अहमद के परिवार के पैतृक कब्रिस्तान कसारी-मसारी में दफनाया जाएगा। यहां अतीक के पिता हाजी फिरोज अहमद, उसकी मां, अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद अहमद की कब्रें हैं। अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में खोदी गई है। शनिवार को इसी कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: बेटे के अंतिम दीदार के लिए आई अतीक की पत्नी शाइस्ता? बुर्कानशीं महिलाओं में शामिल होने पर पुलिस ने क्या कहा?
पुश्तैनी घर की जगह पर रखा जाएगा शव
अतीक अहमद का कसारी-मसारी स्थित पुश्तैनी घर अब मौजूद नहीं है। उत्तर प्रदेश में माफिया और बाहुबली के खिलाफ कार्रवाई के दौरान इस मकान को बुलडोजर से गिरा दिया गया था। अब वहां सिर्फ मलबा और जमीन का हिस्सा बचा है। परिवार के किसी सदस्य की मौत होने पर कब्रिस्तान ले जाने से पहले शव को इसी पुश्तैनी घर में रखने की परंपरा रही है। 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए असद का शव भी अंतिम संस्कार से पहले यहां लाया गया था। अबान के लिए भी इसी जगह पर टेंट लगाया गया है। शव को सुरक्षित रखने के लिए डीप फ्रीजर की व्यवस्था की गई है। किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस की तैनाती भी की गई है।
अली और उमर को मिली पैरोल
अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद उसके दोनों भाइयों अली और उमर को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पैरोल दी है। अली झांसी जेल में, जबकि उमर लखनऊ जेल में बंद है। अदालत ने निर्देश दिया है कि अंतिम संस्कार के बाद दोनों को पुलिस सुरक्षा में उनकी संबंधित जेलों में वापस ले जाया जाए। दोनों भाई किसी सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं कर सकेंगे और न ही सोशल मीडिया या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समेत किसी मीडिया से बात कर सकेंगे। उन्हें केवल अंतिम संस्कार कराने वाले व्यक्ति, अपनी बुआ और भाई अहजम अहमद से बातचीत की अनुमति दी गई है।
झांसी में हुआ था दर्दनाक हादसा
अबान की मौत झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुए सड़क हादसे में हुई थी। हादसे में अबान और उनके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को अबान का पोस्टमार्टम झांसी में हुआ, जिसके बाद शव हटवा गांव लाया गया।
असद की भी झांसी में हुई थी मौत
अबान अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था। इससे पहले उसके बड़े भाई असद अहमद की अप्रैल 2023 में झांसी के पास पुलिस एनकाउंटर में मौत हुई थी। असद उमेश पाल हत्याकांड में वांछित था। उमेश पाल 2005 में BSP विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह था। इसके कुछ समय बाद 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाए जा रहे अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
ये भी पढ़ें: अबान को मौत के बाद को मिलेगा भाईयों का 'साथ', जनाजे में होंगे शामिल! कोर्ट ने हैरान करने वाली शर्त पर दी पैरोल