डेब्यू फिल्म में ही फ्लॉप हो गया था 'पुष्पा' का ये एक्टर, सब छोड़-छाड़ के चला गया था अमेरिका, फिर ऐसे चमकी किस्मत

डेब्यू फिल्म में ही फ्लॉप हो गया था 'पुष्पा' का ये एक्टर, सब छोड़-छाड़ के चला गया था अमेरिका, फिर ऐसे चमकी किस्मत

Fahadh Faasil Birthday: साउथ के एक्टर फहाद फासिल इंडस्ट्री के पॉपुलर स्टार्स की लिस्ट में गिने जाते हैं. वहीं वो आवेशम और पुष्पा 2 की जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा रहे हैं.

Fahadh Faasil Birthday: साउथ के एक्टर फहाद फासिल इंडस्ट्री के पॉपुलर स्टार्स की लिस्ट में गिने जाते हैं. वहीं वो आवेशम और पुष्पा 2 की जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा रहे हैं.

author-image

New Update

fahadh faasil

fahadh faasil

Fahadh Faasil Birthday: साउथ सिनेमा के सबसे बेहतरीन स्टार्स में गिने जाने वाले फहाद फासिल आज अपनी शानदार एक्टिंग और अलग तरह के किरदारों के लिए दुनियाभर में पहचान बना चुके हैं. फिल्मों में उनकी एक्टिंग की जितनी तारीफ होती है, उतनी ही चर्चा उनके किरदारों की भी होती है. लेकिन आज जिस मुकाम पर फहाद फासिल हैं वहां तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा. 8 अगस्त को अपना जन्मदिन मनाने वाले फहाद फासिल की जिंदगी में एक समय ऐसा भी आया था, जब पहली ही फिल्म की असफलता ने उन्हें इतना तोड़ दिया कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला कर लिया. वो भारत छोड़कर अमेरिका चले गए थे. हालांकि, किस्मत ने उन्हें दूसरा मौका दिया और उन्होंने जब वापसी की तो अपनी मेहनत और एक्टिंग के दम पर खुद को भारतीय सिनेमा के सबसे भरोसेमंद कलाकारों में शामिल कर लिया.

फिल्मी परिवार से होने के बावजूद आसान नहीं था सफर

फहाद फासिल का जन्म 8 अगस्त 1982 को केरल में हुआ. उनके पिता फाजिल मलयालम सिनेमा के जाने-माने फिल्ममेकर हैं, जिन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन किया है. फिल्मी परिवार से होने के कारण फहाद के लिए इंडस्ट्री में एंट्री आसान जरूर थी लेकिन सफलता की कोई गारंटी नहीं थी. फाजिल ने अपने बेटे को साल 2002 में फिल्म 'Kaiyethum Doorath' से लॉन्च किया. इस रोमांटिक फिल्म में फहाद ने सचिन नाम के युवक का किरदार निभाया था, जबकि उनके साथ एक्ट्रेस निकिता ठुकराल नजर आई थीं. फिल्म रिलीज से पहले इसे लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सिनेमाघरों में ये दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सकी और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई.

पहली फिल्म की नाकामी से टूट गए थे फहाद 

पहली ही फिल्म के फ्लॉप होने के बाद फहाद फासिल को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. कई लोगों ने उनकी एक्टिंग पर सवाल उठाए और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री के लिए अनफिट तक कह दिया. एक इंटरव्यू में फहाद ने स्वीकार किया था कि उस वक्त वो मानसिक रूप से काफी टूट गए थे. उनका मानना था कि बिना पूरी तैयारी के फिल्मों में कदम रखना उनकी सबसे बड़ी गलती थी. उन्होंने कहा था कि अपनी असफलता के लिए वो किसी और को नहीं, बल्कि खुद को जिम्मेदार मानते हैं.

सब कुछ छोड़कर चले गए अमेरिका 

पहली फिल्म की असफलता के बाद फहाद ने फिल्मी दुनिया से दूरी बनाने का फैसला किया. वो करीब 20 साल की उम्र में भारत छोड़कर अमेरिका चले गए. वहां उन्होंने कई साल बिताए. इस दौरान उन्होंने खुद को समझने, सीखने और जीवन को नए नजरिए से देखने की कोशिश की. अमेरिका में बिताया गया ये समय उनके लिए आत्ममंथन का दौर साबित हुआ. फहाद ने फिल्मों से पूरी तरह दूरी बना ली थी, लेकिन एक्टिंग के प्रति उनका जुनून कभी खत्म नहीं हुआ.

शानदार वापसी ने बदल दी किस्मत

कई साल बाद फहाद भारत लौटे और साल 2009 में मलयालम एंथोलॉजी फिल्म 'Kerala Cafe' से वापसी की. भले ही फिल्म में उनका रोल छोटा था, लेकिन दर्शकों और समीक्षकों ने उनकी परफॉर्मेंस को नोटिस किया. इसके बाद वह 'Pramani' और 'Cocktail' जैसी फिल्मों में नजर आए. इन फिल्मों ने उन्हें धीरे-धीरे इंडस्ट्री में फिर से पहचान दिलानी शुरू कर दी.

'Chaappa Kurishu' ने बना दिया स्टार

साल 2011 फहाद फासिल के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. वो फिल्म 'Chaappa Kurishu' में नजर आए, जिसमें उनके एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई. फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और फहाद को केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का सम्मान मिला. यहीं से उनके करियर ने नई उड़ान भरनी शुरू कर दी. 'Chaappa Kurishu' की सफलता के बाद फहाद फासिल ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने लगातार ऐसी फिल्मों का चुनाव किया जिनमें चुनौती हो.

'पुष्पा' ने दिलाई पैन इंडिया पहचान

हालांकि फहाद फासिल मलयालम सिनेमा में पहले से ही बड़ा नाम बन चुके थे, लेकिन उन्हें देशभर में सबसे ज्यादा पहचान 'Pushpa: The Rise' में आईपीएस अधिकारी भंवर सिंह शेखावत के किरदार से मिली. इसके बाद 'Pushpa 2: The Rule' में भी उनका दमदार किरदार चर्चा का विषय बना. अल्लू अर्जुन के सामने उनका निगेटिव किरदार दर्शकों को खूब पसंद आया. वहीं 'Aavesham' में उनका अलग अंदाज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ. दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और फहाद की लोकप्रियता को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया.

ये भी पढ़ें: थलापति विजय की पत्नी ने तलाक का केस लिया वापस, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप में कोर्ट में दाखिल की थी अर्जी