जयपुर में रोड पर पानी में सांकेतिक नाव चलाकर प्रदर्शन: जलभराव से परेशान लोगों ने ली ‘जल समाधि’, बोले- सीवरेज-ड्रेनेज के लिए तरस रहे - Jaipur News
जयपुर में रोड पर पानी में सांकेतिक नाव चलाकर प्रदर्शन:जलभराव से परेशान लोगों ने ली ‘जल समाधि’, बोले- सीवरेज-ड्रेनेज के लिए तरस रहे
जयपुर3 घंटे पहले
कॉपी लिंक
जयपुर में बारिश के बाद बदहाल सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। निवारू रोड क्षेत्र में जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों ने रविवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
सड़क पर जमा बारिश के पानी के बीच स्थानीय लोगों ने सांकेतिक नाव चलाई और जल सत्याग्रह (सांकेतिक जल समाधि) कर सरकार तक अपनी पीड़ा पहुंचाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र का नियमन हुए करीब 10 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वे सड़क, सीवरेज और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश होते ही निवारू रोड और आसपास के इलाकों में हालात बदतर हो जाते हैं। सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने के साथ ही कई जगहों पर गंदा पानी भी भर जाता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जयपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ बारिश के पानी में नाव चला कर विरोध प्रदर्शन करती आम जनता।
10 साल पहले नियमन हुआ, आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान स्थानीय निवासी देवेंद्र सिंह ने कहा कि वे लोग वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं। जेडीए (JDA) की ओर से क्षेत्र का नियमन भी किया जा चुका है और नियमन हुए करीब 10 साल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद आज तक लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। क्षेत्र में सड़क से लेकर सीवरेज और ड्रेनेज तक की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं हुआ है। देवेंद्र सिंह ने कहा-हम कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (181) पर भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। आखिर अब हम अपनी पीड़ा किसे बताएं? कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है और जिम्मेदार अधिकारी मौन दर्शक बने हुए हैं।
सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने के साथ ही कई जगहों पर गंदा पानी भी भर जाता है।
मजबूरी में गंदे पानी में नाव चलाकर जताना पड़ा विरोध
स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने अपनी समस्या रखी, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो मजबूर होकर उन्हें इस तरह का अनोखा विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने बारिश के गंदे पानी के बीच नाव चलाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
देवेंद्र सिंह ने कहा कि हम बारिश के गंदे पानी में नाव चलाकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाना चाहते हैं। इसी वजह से आज हम जल सत्याग्रह (सांकेतिक जल समाधि) पर बैठे हैं, ताकि सरकार हमारी सुध ले। हमारी मांग है कि पूरे क्षेत्र में बेहतर सीवरेज व ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जाए, जिससे आने वाले समय में लोगों को इस नारकीय स्थिति का सामना न करना पड़े।
हर बारिश में बन जाते हैं जलभराव के हालात
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल एक दिन की नहीं है। बारिश के मौसम में बार-बार सड़क पर पानी भरने से लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित होती है। पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी होती है। कई जगहों पर पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण बड़े हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे और खुले नाले दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है। वहीं, लंबे समय तक पानी जमा रहने से नई बनी सड़क के भी जल्द टूटने का खतरा रहता है।
स्थानीय निवासियों ने सरकार और JDA से पुरजोर मांग की है कि निवारू रोड क्षेत्र की इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। केवल सड़क निर्माण करने के बजाय सीवरेज और ड्रेनेज का पूरा नेटवर्क विकसित किया जाए, ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के बजाय आसानी से निकल सके। लोगों का साफ कहना है कि वे सालों से मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं और अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए।
.
खबरें और भी हैं...
राजस्थान- 361 बैंक खातों में पहुंचे साइबर-ठगी के करोड़ों रुपए: एक ही ब्रांच में खुले थे अकाउंट, देशभर में दर्ज शिकायतों से खुला राज
0:52
कॉपी लिंक
शेयर
LIVE
जयपुर का कानोता डैम ओवरफ्लो, गलता तीर्थ में बहे झरने: जैसलमेर जिले में नदी-नालों में उफान; डीडवाना-कुचामन जिले में पानी में करंट से युवक की मौत0:53
कॉपी लिंक
शेयर
पुलिस ने 40 ग्राम अफीम के साथ आरोपी को पकड़ा: एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, बाइक जब्त, पूछताछ जारी
0:20
कॉपी लिंक
शेयर
जयपुर में तेज बारिश, गलताजी की सीढ़ियों पर बहा पानी: सड़क पर भरे पानी में धरने पर बैठे लोग; कानोता बांध लबालब, बस्सी के तूंगा में 19MM बरसे बादल