औरैया में चैन स्नैचिंग गैंग का खुलासा: एक आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की बाइक मिली - Auraiya News
औरैया में चैन स्नैचिंग गैंग का खुलासा:एक आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की बाइक मिली
औरैया3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

औरैया पुलिस ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे चैन स्नैचिंग की एक घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक और 15,150 रुपए नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने साथी के साथ औरैया के अलावा जालौन और बांदा में भी चैन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
30 जुलाई को दर्ज हुआ था मुकदमा
मामला 30 जुलाई का है। हजरतपुर, अजीतमल निवासी रघुनन्दन सिंह ने कोतवाली औरैया में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि वह अपनी बहन और बेटी के साथ औरैया आ रहे थे।
मिहौली पुल के पास बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बहन के गले से चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
देवकली तिराहे पर बाइक फिसली, एक आरोपी पकड़ा
रविवार को कोतवाली औरैया पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम देवकली तिराहा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जालौन की ओर से बिना नंबर प्लेट की काली अपाचे पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस ने मौके से ज्ञानेन्द्र उर्फ साहिल (21) पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी शीतलपुर, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर को पकड़ लिया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
चेन बेचकर खरीदी थी 36 हजार की बाइक
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ज्ञानेन्द्र ने औरैया की घटना के साथ जून में बांदा और 2 जुलाई को जालौन में भी चेन स्नैचिंग करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चेन बेचने से मिले 55 हजार रुपए में से 36 हजार रुपए देकर उसने अपाचे बाइक खरीदी थी।
तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 15,150 रुपए नकद और बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक बरामद की है। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश कर रही है। साथ ही जालौन, बांदा और आसपास के अन्य जिलों में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं से भी आरोपी के कनेक्शन की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.