मैराथन केवल दौड़ नहीं, स्वस्थ जीवन का संकल्प : नायब सिंह सैनी

मैराथन केवल दौड़ नहीं, स्वस्थ जीवन का संकल्प : नायब सिंह सैनी

August 9, 2026

मैराथन केवल दौड़ नहीं, स्वस्थ जीवन का संकल्प : नायब सिंह सैनी

A marathon is not just a race: Nayab Saini : महेंद्रगढ़। नूनी शेखपुरा मोड़ पर रविवार को तिरंगा हाथों में लेकर यूथ मैराथन एवं तिरंगा यात्रा में शामिल हुए हजारों प्रतिभागियों के जोश और उत्साह के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं 5 किलोमीटर दौड़ में शामिल होकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया और नशामुक्त हरियाणा एवं स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सांसद धर्मबीर सिंह, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव, जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव, यूथ मैराथन की ब्रांड एंबेसडर एवं कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनखड़, पंकज नैन आईपीएस तथा उपायुक्त अनुपमा अंजली मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब किसी प्रदेश के युवा सुबह-सुबह हाथ में तिरंगा लेकर दौड़ने निकलते हैं, तो यह केवल विकास नहीं, बल्कि जागरूकता, राष्ट्रभक्ति और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदमों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की सबसे सुंदर तस्वीर हाथ में तिरंगा, जीवन में खेल और मन में नशामुक्त भारत का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मैराथन केवल कुछ किलोमीटर की दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और नशे के अंधकार से उजाले की ओर बढ़ने का संकल्प है।

नारनौल की धरती से पूरे हरियाणा में संदेश जाना चाहिए कि नशा जीवन को बर्बाद करता है, जबकि खेल जीवन को संवारता है। 26 जुलाई को यमुनानगर से शुरू हुआ जन-जागरण का अभियान नारनौल में और अधिक मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम हर घर तिरंगा अभियान का भी हिस्सा है। वर्ष 2022 में आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान शुरू हुआ यह अभियान आज जनआंदोलन बन चुका है। इस वर्ष अभियान वंदे मातरम के 150 गौरवशाली वर्षों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की चेतना जगाई। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हर घर तिरंगा अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नागरिक समाज की भागीदारी से तिरंगा यात्राएं, साइकिल यात्राएं और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने तिरंगे की मर्यादा बनाए रखने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके बाद मैराथन के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। 10 किलोमीटर महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भारती को एक लाख, द्वितीय सोनिका को 50 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली नीता रानी को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुरुष वर्ग में प्रथम मोहित, द्वितीय गौरव और तृतीय शुभम को भी सम्मानित किया गया। 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रथम केशव, द्वितीय अमित और तृतीय साहिल तथा महिला वर्ग में प्रथम कोमल, द्वितीय आरती और तृतीय जागृति को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, पूर्व विधायक डॉ. अभय सिंह यादव, पूर्व विधायक सीताराम यादव, क्रिकेट खिलाड़ी जोगेंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी मौजूद रहे।