गौड़ के पांच विकेट के बाद मंधाना के नाबाद अर्धशतक से महिला टेस्ट में इंग्लैंड पर भारत की पकड़ मजबूत

लंदन, 11 जुलाई (भाषा) तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के लाल गेंद क्रिकेट में पहले पांच विकेट के शानदार प्रदर्शन और स्मृति मंधाना के लगातार दूसरे अर्धशतक की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र महिला टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली।

दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 154 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 269 रन की हो गई थी।

मंधाना 124 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद थीं और एक बार फिर भारतीय पारी की धुरी बनी रहीं। इससे पहले गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर पांच विकेट झटके, जिसकी मदद से भारत ने इंग्लैंड की पहली पारी को 170 रन पर समेटकर 115 रन की बढ़त हासिल की थी।

बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना ने शुरुआत से ही जिम्मेदारी संभाली और भारत की बढ़त को मजबूत आधार दिया। उन्होंने पहले विकेट के लिए शेफाली वर्मा (33) के साथ 88 रन जोड़े, जबकि दूसरे विकेट के लिए यास्तिका भाटिया (39 नाबाद) के साथ अब तक 66 रन की साझेदारी कर ली है।

Join Our Whatsapp Group

पहली विकेट की साझेदारी में शेफाली का आक्रामक अंदाज देखने को मिला। मंधाना ने अपनी पारी में एकमात्र छक्का स्पिनर सोफी एक्लेस्टन की गेंद पर लगाया,। उनकी पारी की असली खूबसूरती हालांकि कवर क्षेत्र में लगाए गए आकर्षक ड्राइव रहे।

शेफाली ने भी कुछ दमदार शॉट लगाए, लेकिन एक्लेस्टन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह स्थानापन्न खिलाड़ी एमा लैम्ब के हाथों कैच हो गईं। इसके बाद इंग्लैंड को दिन के बाकी हिस्से में कोई खास सफलता नहीं मिली।

इससे पहले दिन की शुरुआत में गौड़ ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (44) और एमी जोन्स (52) ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन की जुझारू साझेदारी कर इंग्लैंड को संभालने की कोशिश की, लेकिन गौड़ की अगुवाई में भारतीय आक्रमण को रोकना उनके लिए मुश्किल साबित हुआ।

गौड़ ने दिन के दूसरे ओवर में ही माइया बूचियेर (23) को पवेलियन भेज दिया। बाहर जाती गेंद पर उनका हल्का सा बल्ला लगाना विकेटकीपर यास्तिका भाटिया के हाथों कैच में बदल गया। इसके बाद एलिस कैप्सी का विकेट दिन का सबसे यादगार पल रहा। गौड़ की स्विंग होती गेंद कैप्सी को चकमा देते हुए ऑफ स्टंप से टकरा गयी।

तेज गेंदबाज सयाली सतघरे ने अनुभवी हीथर नाइट को पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को 47 रन पर चार विकेट के संकट में डाल दिया। उस समय इंग्लैंड को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी और ब्रंट तथा जोन्स ने कुछ देर तक टीम को संभाला।

जोन्स ने 59 गेंदों में अपना दूसरा महिला टेस्ट अर्धशतक पूरा किया और गौड़ व सतघरे के खिलाफ शानदार ड्राइव और पुल शॉट लगाए। वहीं, ब्रंट ने सहयोगी भूमिका निभाते हुए कुछ मौकों पर आक्रामकता दिखाई। उन्होंने गौड़ की गेंद पर चौका लगाया और बाद में स्नेह राणा की गेंद पर स्लॉग स्वीप से छक्का जड़ा।

यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। जोन्स ने राणा की गेंद को लेग साइड में मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर शॉर्ट लेग पर खड़ी रिचा घोष के हाथों में चली गई।

इसके बाद गौड़ ने लॉरेन बेल को आउट कर अपना पांच विकेट पूरा किया। स्नेह राणा और सयाली सतघरे ने भी दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में केवल 33 रन जोड़कर पांच विकेट गंवा दिए और उसकी पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई।

भाषा

आनन्द

आनन्द