बोल बम के जयघोष से गूंजा वनांचल : भावना बोहरा ने कांवड़ियों संग पंडरिया में किया प्रवेश, महामाई से गौरकांपा तक तय की यात्रा - Haribhoomi

बोल बम के जयघोष से गूंजा वनांचल : भावना बोहरा ने कांवड़ियों संग पंडरिया में किया प्रवेश, महामाई से गौरकांपा तक तय की यात्रा

मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन भावना बोहरा ने 500 कांवड़ियों संग पंडरिया में प्रवेश किया।

Bhavna Bohra enters Pandariya with Kanwariyas

कांवड़ियों संग पंडरिया पहुंचीं भावना बोहरा

  • Published: 12 Aug 2026, 06:18 PM IST
  • Last Updated: 12 Aug 2026, 06:18 PM IST

महेश मिश्रा- कवर्धा। माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा के तीसरे दिन विधायक भावना बोहरा और उनके साथ इस यात्रा में सहभागी लगभग 500 कांवड़ यात्रियों की यात्रा वन ग्राम महामाई खुड़िया से गौरकांपा तक बोल बम के गगनभेदी जयघोष के साथ प्रारंभ हुई। 

जंगल, पथरीली राह और नदी पार कर पंडरिया पहुंची कांवड़ यात्रा
पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में कांवड़ यात्रियों ने दुर्गम जंगलों, पथरीली पगडंडियों और नदी के प्रवाह को पार करते हुए पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया। यात्रा के तीसरे दिन प्रकृति ने कांवड़ यात्रियों की दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प की परीक्षा ली।

कहीं घने जंगलों के बीच कठिन पगडंडियां सामने आईं, तो कहीं पथरीले रास्तों और कमर तक नदी के प्रवाह को पार करना पड़ा। परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन किसी भी कांवड़ यात्री के कदम नहीं रुके। हर बाधा को पार करते हुए श्रद्धालु लगातार आगे बढ़ते रहे और आज विधायक भावना बोहरा और कांवड़ियों ने पंडरिया विधानसभा में प्रवेश किया। 

मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की कांवड़ पदयात्रा के तीसरे दिन विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में करीब 500 कांवड़ यात्री पंडरिया विधानसभा में प्रवेश किया। @KabirdhamDist @BhawnaBohrabjp #KawarYatra pic.twitter.com/9g6O8wM9nv

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 12, 2026

भावना बोहरा बोलीं- आस्था और संकल्प से हर कठिन राह आसान
इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि, यह यात्रा मेरे लिए केवल 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और सर्वमंगल की कामना के लिए किया गया एक संकल्प है। जब दुर्गम जंगलों, पथरीली राहों और नदी के प्रवाह के बीच से होकर हम आगे बढ़े, तब महसूस हुआ कि मन में श्रद्धा और संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी कठिनाई बड़ी नहीं होती।

‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय हुआ वनांचल
हृदय में भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा और मन में छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का संकल्प लेकर जंगलों की खामोशी के बीच गूंजता ‘बोल बम’ का जयघोष और नदी की प्रवाह के बीच माँ नर्मदा और महादेव के स्मरण पूरे यात्रा मार्ग को भक्तिमय बनाया और हम सभी को इस कठिन मार्ग को सहज बनाने के लिए उर्जा दी। 

मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की कांवड़ पदयात्रा के तीसरे दिन विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में करीब 500 कांवड़ यात्री पंडरिया विधानसभा में प्रवेश किया। @KabirdhamDist @BhawnaBohrabjp #KawarYatra pic.twitter.com/Gfw6FUApAz

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 12, 2026

कांवड़ यात्रियों का उत्साह बना यात्रा की सबसे बड़ी ताकत
भावना बोहरा ने कहा कि माँ नर्मदा का पावन जल कांवड़ में लेकर और बाबा भोलेनाथ का नाम हृदय में धारण कर आगे बढ़ना स्वयं में एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति है। यात्रा की कठिन राहें शरीर की परीक्षा जरूर ले रही हैं, लेकिन हर कदम के साथ आस्था और हौसला और मजबूत हो रहा है। कांवड़ यात्रियों का उत्साह और एक-दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने की भावना इस यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति है। 

भोरमदेव जलाभिषेक के साथ पूरा होगा कांवड़ यात्रा का संकल्प
हर-हर महादेव का जयघोष केवल हमारी आस्था की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए हमारी सामूहिक प्रार्थना है। बाबा भोलेनाथ और माँ नर्मदा की कृपा से यह यात्रा अपने पवित्र संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है और भोरमदेव में जलाभिषेक के साथ यह संकल्प पूर्णता की ओर पहुंचेगा।

मैं इस यात्रा में सहभागी सभी कांवड़ यात्रियों, क्षेत्रवासियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करती हूँ। आप सभी की सहभागिता ने इस यात्रा को और भी भव्य और अद्भुत बनाया है। आप सभी के सहयोग से यह यात्रा अब केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि जन-जन की आस्था, सेवा, सहभागिता और संकल्प का उत्सव बन चुकी है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)