एशियन गेम्स के लिए अफगानिस्तान की टीम का ऐलान, इस खिलाड़ी को बनाया है कप्तान
Asian Games 2026 के लिए अफगानिस्तान की टीम का ऐलान हो गया है। एक ऐसे खिलाड़ी को कप्तानी दी गई है, जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी मैच में कप्तानी नहीं की है। हालांकि, वे लंबे समय से खेल रहे हैं।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी एसीबी ने एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। अफगानिस्तान की टीम की कप्तानी एक ऐसे खिलाड़ी को दी गई है, जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में कभी कप्तानी नहीं की। राशिद खान, रहमनुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। ये खिलाड़ी शायद किसी अन्य देश के खिलाफ उस समय क्रिकेट खेल रहे होंगे।
अफगानिस्तान ने जापान के ऐची-नागोया में होने वाले 2026 एशियन गेम्स के लिए ज्यादातर युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। 15 सदस्यों वाली इस टीम की कप्तानी दरविश रसूली को सौंपी गई है, जो पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम को लीड करेंगे। इस टीम में अनुभवी खिलाड़ी नजीबुल्लाह जादरान और करीम जनत भी शामिल हैं। रेगुलर कैप्टन राशिद खान और रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह उमरज़ई जैसे दूसरे बड़े खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
भारत की मेजबानी करेगा अफगानिस्तान
इस टीम को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की नेशनल सिलेक्शन कमिटी ने हाल ही में खत्म हुए श्पगीजा क्रिकेट लीग के 11वें एडिशन की परफॉर्मेंस के आधार पर चुना है। एशियन गेम्स की बात करें तो 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक इन खेलों का आयोजन होना है। इस टूर्नामेंट से पहले अफगानिस्तान दिल्ली में 3 मैचों की T20I सीरीज में भारत की मेजबानी करेगा। उसमें राशिद खान, गुरबाज और उमरजई खेल सकते हैं, लेकिन एशियन गेम्स के लिए वे टीम में शामिल नहीं हैं।
विकेटकीपर-बैटर मोहम्मद इशाक, हसन ईसाखिल, खालिद तानिवाल और इमरान मीर टीम में शामिल दूसरे युवा खिलाड़ियों में से हैं, जबकि नजीबुल्लाह और जनत इंटरनेशनल अनुभव लेकर आए हैं। कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अंडर 19 क्रिकेट खेल चुके हैं।
एशियन गेम्स 2026 के लिए अफगानिस्तान की टीम
दरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेट कीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तनिवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोज़ादा, नजीबुल्लाह ज़दरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांग्याल खारोटी, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदज़ई, अब्दुल्ला अहमदजई
टॉप-ऑर्डर बैट्समैन मोहम्मद अकरम ने श्पगीजा क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसका इनाम उनको मिल गया है, क्योंकि एशियन गेम्स के लिए उन्हें चुन लिया गया है। अकरम ने इस टी20 लीग में 8 पारियों में 339 रन बनाए थे, जिसमें एक सेंचुरी और दो फिफ्टी शामिल हैं। ऑलराउंडर इस्मत आलम को भी टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करने के लिए टीम में जगह मिली है। उन्होंने 294 रन बनाने के साथ-साथ नौ विकेट भी लिए थे और व् प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे।