अफगानिस्तान टीम में पिता-पुत्र की जोड़ी, एशियन गेम्स के लिए टीम घोषित, किस खिलाड़ी का बेटा टीम में शामिल?
अफगानिस्तान टीम में पिता-पुत्र की जोड़ी, एशियन गेम्स के लिए टीम घोषित, किस खिलाड़ी का बेटा टीम में शामिल?
Published: Monday, August 17, 2026, 18:45 [IST]
Afghanistan Cricket Team: अफगानिस्तान ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट मुकाबलों के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में कई नए चेहरों को जगह दी गई है और कप्तानी दरवेश रसूली को सौंपी गई है। टीम की घोषणा के बाद जिस नाम ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, वह हसन ईसाखिल का है।
हसन ईसाखिल के चयन की खबर इसलिए भी खास है क्योंकि वह अभी तक अफगानिस्तान की सीनियर इंटरनेशनल टीम के लिए डेब्यू नहीं कर पाए हैं। उनके पिता मोहम्मद नबी अभी तक अफगान टीम में एक्टिव हैं, भारत दौरे पर हाल ही में वह वनडे सीरीज खेलकर गए थे। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद ईसाखिल को अब एशियन गेम्स के मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। 20 साल के हसन को अफगानिस्तान के उभरते बल्लेबाजों में देखा जा रहा है।
टीम में हसन के अलावा मोहम्मद अकरम भी नए खिलाड़ियों में अहम नाम हैं। अकरम ने हाल ही में शापगीजा क्रिकेट लीग में शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने आठ पारियों में 339 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। वहीं इस्मत आलम ने 294 रन बनाने के साथ 9 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
चयनकर्ताओं ने पूरी तरह युवा टीम पर भरोसा नहीं किया है। नजीबुल्लाह जादरान और करीम जनत जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी स्क्वॉड में रखा गया है। दरवेश रसूली के पास भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है और वह इससे पहले अफगानिस्तान की कप्तानी कर चुके हैं। टीम में कुल छह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं।
नबी एक्टिव और अब बेटे की भी एंट्री
इस टीम की सबसे दिलचस्प कहानी मोहम्मद नबी और उनके बेटे हसन से जुड़ी है। नबी ने अभी क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है और हाल के समय तक अफगानिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते रहे हैं। हालांकि एशियन गेम्स की इस टीम में उनका नाम नहीं है। यानी एक तरफ पिता का अंतरराष्ट्रीय करियर अभी खत्म नहीं हुआ है और दूसरी तरफ बेटा अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सेटअप में अपनी जगह बना चुका है।
क्या पिता-पुत्र खेले हैं एक साथ इंटरनेशनल गेम?
क्रिकेट में ऐसा कम ही देखने को मिलता है कि पिता खुद सक्रिय करियर में हो और उसी दौरान उसका बेटा भी अपने देश के सीनियर क्रिकेट सेटअप तक पहुंच जाए। नबी और हसन इससे पहले 2026 में बांग्लादेश प्रीमियर लीग में भी एक साथ खेल चुके हैं। दोनों एक ही पारी में बल्लेबाजी करने उतरे थे और उनके बीच 53 रन की साझेदारी हुई थी। किसी टॉप-लेवल टी20 लीग में पिता-पुत्र की जोड़ी का एक साथ बल्लेबाजी करना अपने आप में खास रिकॉर्ड बना था।
अंतरराष्ट्रीय मैच में तिमोर-लेस्टे देश के 50 वर्षीय पिता सुहैल सत्तार और उनके 17 वर्षीय बेटे याह्या सुहैल ने एक साथ एक ही टीम के लिए खेलकर इतिहास रचा था। दोनों ने 2025 में इंडोनेशिया के खिलाफ इंटरनेशनल गेम खेला था।
अफगानिस्तान की टीम
दरवेश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखेल, खालिद तानिवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांग्याल खरोटी, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई और अब्दुल्लाह अहमदजई।