बिहार के मुजफ्फरपुर में डबल मर्डर, दादा-पोती की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या

Muzaffarpur Double Murder: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दादा-पोती के डबल मर्डर से सनसनी फैल गई. जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपट्टी वार्ड संख्या-3 में मंगलवार को आपसी रंजिश को लेकर दादा-पोती की हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल है. मृतकों की पहचान 60 वर्षीय भोला अंसारी और उनकी पोती अनम खातून के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है, घायल होने की वजह से उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

जानकारी के अनुसार, भोला अंसारी और उनकी पोती घर में खाना खाने के बाद कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान साहेबगंज थाना रोड निवासी वासिर मियां के 27 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अल्ताफ अंसारी कथित तौर पर लोहे की रॉड लेकर घर में घुस गया और भोला अंसारी पर हमला कर दिया. हमले में भोला अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने उनकी पोती अनम खातून पर भी हमला कर दिया. गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

दादा-पोती की हत्या

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे भोला अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शमीम भी गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं हमले के दौरान आरोपी अल्ताफ अंसारी भी घायल हो गया. दोनों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर किया गया है. आरोपी को परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया गया, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में उसका इलाज कराया जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद कर ली है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. पुलिस परिजनों का बयान दर्ज कर रही है.

आरोपी युवक गिरफ्तार

एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रतापपट्टी इलाके में आपसी विवाद को लेकर अल्ताफ अंसारी ने घर में घुसकर भोला अंसारी पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. हमले में शमीम अंसारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उनकी पोती अनम खातून की भी मौत हो गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़ित परिवार आपस में पट्टीदार हैं. हत्या के पीछे आपसी रंजिश को कारण बताया जा रहा है. पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है.

संजीव कुमार

संजीव कुमार

भारत 24, इंडिया टीवी, इंडिया न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, न्यूज एक्स, फोकस न्यूज, कशिश न्यूज, ताजा टीवी, सीएनइबी न्यूज, रफ्तार टीवी और लाइव इंडिया में 18 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More

google button