विजय थलपति के राज में विधायकों की लॉटरी, हर महीने मोटी रकम और गाड़ी मिलेगी
विजय थलपति के राज में विधायकों की लॉटरी, हर महीने मोटी रकम और गाड़ी मिलेगी
Aug 19, 2026 12:04 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
तमिलनाडु के विधायकों के लिए भी सरकार ने बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सरकार ने कहा है कि विधायकों को गाड़ी और मासिक भत्ता दिया जाएगा। एक ओर जहां सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्य खुश हैं। वहीं, DMK ने सवाल उठाए हैं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने विधायकों को गाड़ी देने का ऐलान किया है। (PTI Photo/R Senthilkumar)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने राज्य के विधायकों के लिए भी खजाना खोल दिया है। खबर है कि उन्होंने विधानसभा के 234 सदस्यों के लिए वाहन और खर्च के लिए मोटी रकम का ऐलान किया है। विधायकों ने TVK यानी तमिलगा वेत्री कषगम की अगुवाई वाली गठबंधन की सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। इससे पहले विजय सरकार ने महिलाओं को एक साल का मातृत्व अवकाश देने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में कहा था, 'विधायकों को लोगों की समस्याओं के बारे में सुनने के लिए उनके क्षेत्रों में जाना पड़ता है। सरकारी वाहन से पारदर्शी और बगैर भ्रष्टाचार के शासन को सुनिश्चित किया जा सकेगा।' खास बात है कि राज्य में विजय सरकार को 100 दिन पूरे हो चुके हैं।
विधायकों को क्या मिलेगा
सीएम ने ऐलान किया है कि विधायकों को सरकारी वाहन मिलेगा। साथ ही सरकार ने घोषणा की है कि उन्हें ड्राइवर, फ्यूल और मेंटेनेंस के लिए 75 हजार रुपये भी महीने मिलेंगे। इतना ही नहीं ऑफिस के कामों के लिए सचिव रखने को विधायकों को 25 हजार रुपये भी दिए जाएंगे।
साथ ही विधायकों के हेल्थ कवर को भी 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया है।
विधायक खुश
कांग्रेस विधायक टी कथबर्ट, मंत्री राज मोहन समेत विधायकों ने इस फैसले की तारीफ की है। साथ ही कहा है कि इससे विधायकों को काम करने में मदद मिलेगी और ड्राइवरों और सचिवों के लिए नौकरियां भी तैयार होंगी।
DMK क्या बोली
तमिलनाडु के प्रमुख विपक्षी दल DMK यानी द्रविण मुन्नेत्र कझगम ने सरकार के कदम की आलोचना की है। पार्टी ने कहा, 'इस फैसले के लिए बहुत ज़्यादा पैसे की जरूरत होगी। सभी 234 विधायकों के लिए कार खरीदने पर राज्य पर काफी बोझ पड़ेगा और इसके अलावा कई भत्तों की भी घोषणा की गई है। इसकी क्या जरूरत थी?'
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में नियम 110 के तहत यह घोषणा की है।
सभी के लिए बढ़ा स्वास्थ्य कवर
पीटीआई भाषा के अनुसार, विजय ने बुधवार को मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना कवरेज को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की घोषणा की। राज्य की स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कई अहम नई पहलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि चिकित्सा सुविधा एक बुनियादी अधिकार है, कोई विशेषाधिकार नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद हर व्यक्ति को उसकी आय या स्थान की परवाह किए बिना गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है।
