रूम का दरवाजा खोला और दुनिया खत्म... पहली पत्नी की मौत और अधूरा प्यार, दर्द बयां कर रो पड़े पवन सिंह
Pawan Singh Remember His First Wife: भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार कहे जाने वाले पवन सिंह आज भले ही शोहरत के उस मुकाम पर हैं, जहां करोड़ों लोग उनके नाम पर जान छिड़कते हैं, लेकिन उनकी निजी जिंदगी में एक ऐसा गहरा जख्म है जो वक्त गुजरने के बाद भी नहीं भर पाया. जियो हॉटस्टार के रिएलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के लेटेस्ट एपिसोड में पवन सिंह अपनी दिवंगत पहली पत्नी को यादकर फूट-फूटकर रो पड़े. शादी के तीन महीने बाद ही उनकी पहली पत्नी का निधन हो गया था. बचपन की दोस्ती से शुरू होकर एक खौफनाक रात पर खत्म हुई अपनी प्रेम कहानी का दर्द बयां करते हुए पवन सिंह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए.
पवन सिंह की पहली शादी उनके भाई रानू की साली नीलम से 2014 में हुई थी. शादी के तीन महीने बाद ही उनकी मौत हो गई थी. अपनी भावनाओं को शब्दों में पिरोते हुए उन्होंने कहा, “मैंने अपने जीवन में सब कुछ खो दिया. जब से मुझे मिली तब से थी, आज भी है और इस शरीर में जब तक जान है, तब तक वही हमारा जिंदगी है.”
बचपन की दोस्ती और मां के कहने पर शादी
अपनी शादी की शुरुआत को याद करते हुए पवन सिंह ने बताया कि ये रिश्ता कोई अचानक हुआ फैसला नहीं था, बल्कि दोनों परिवारों की गहरी पहचान थी. उन्होंने बताया, “मेरे बड़े भैया का नाम रानू है. जब भैया की शादी हुई तो हम भी बच्चे थे, वो भी बच्ची थीं. हम लोग बचपन में साथ हंसे-खेले हैं, भागम-भाग करते थे. परिवार को यही लगा कि दोनों एक-दूसरे को जानते हैं. तो अम्मा का फोन आया, रानू की साली से ही शादी करवा देते हैं. मैंने बोला ठीक है. मुझे भी कोई बहस नहीं करनी थी. फिर सगाई हुई और हंसी-खुशी शादी हो गई.”
नोकझोंक और जिंदगी भर का वादा
शादी के बाद के सुनहरे पलों को याद करते हुए पवन सिंह ने एक बेहद भावुक किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि काम के सिलसिले में जब वह बाहर निकलते थे तो पत्नी से हंसी-मजाक में कहते थे कि आज इस एक्ट्रेस के साथ शूटिंग है, जिस पर वह प्यार से कहती थीं ‘बहुत मारूंगी.’ पवन सिंह ने भावुक होते हुए कहा, “मैंने उससे हमेशा कहा- अरे मेरी पगली, कुछ भी हो, मैंने दुनिया के सामने तेरी मांग में सिंदूर लगाया है. तुम हमारी अर्धांगिनी हो, हमारी धर्म पत्नी हो. जब बुढ़ापे में हमारा हाथ-पैर नहीं चलेगा ना, तो एक गिलास पानी तुम ही लाकर दोगी. यह बात मैंने उनसे उस 3 महीने के सफर में कम से कम 10 से 20 बार बोली होगी. लेकिन मुझे इस सफर में वक्त ही नहीं मिला, 3 महीने में हम उसको कितना जान पाते.”
उस आखिरी रात की खौफनाक कहानी
अपनी जिंदगी की सबसे मनहूस रात की दास्तान सुनाते हुए पवन सिंह की आवाज कांपने लगी. उन्होंने बताया कि वह एक फिल्म की शूटिंग से काफी देर रात घर पहुंचे थे. गांव की होने की वजह से उनकी पत्नी जल्दी सो जाती थीं. घर में भैया-भाभी और भतीजा भी सो रहे थे और हॉल का दरवाजा खुला था. पवन सिंह ने बताया, “मैंने सबको जगाया कि हॉल का दरवाजा बंद करके सोया करिए. सेफ रहना चाहिए. फिर मेरी पत्नी चार अंडे लेकर आईं और बैठकर हमें खिलाया. मुझे सुबह 7 बजे फिर सेट पर जाना था, तो मैंने सोचा बहुत लेट हो गया है, मैं दूसरे फ्लैट में जाकर सो जाता हूं, जहां दोस्त रहते हैं. मैं वहां चला गया और कपड़ा चेंज करके आधा-पौना घंटा बेड पर करवटें बदलता रहा. फिर मन में अचानक आया कि सुबह शूटिंग के लिए लेट हो या कुछ भी हो, मैं अपनी पत्नी के पास ही जाऊंगा. मैं वापस आया, देखा हॉल का दरवाजा फिर खुला है. मैंने सोचा इस बार डांटूंगा कि मना करने पर भी दरवाजा क्यों खुला रखा? लेकिन जैसे ही मैंने रूम का दरवाजा खोला, तो देखा कि दुनिया खत्म हो चुकी थी.” शादी के सिर्फ तीन महीने में ही पत्नी से साथ छूट गया था.
तानों का घूंट, इंडस्ट्री छोड़ने की जिद और मां का सहारा
इस हादसे के बाद पवन सिंह पूरी तरह टूट गए थे. समाज के तानों और बदनामी से तंग आकर उन्होंने गायकी और एक्टिंग छोड़कर गांव में खेती करने का मन बना लिया था. लेकिन फैंस के प्यार और मां के आंसुओं ने उन्हें वापस जिंदगी की राह पर खींचा. पवन सिंह ने अपनी मां का जिक्र करते हुए कहा, “पिताजी को खो दिया, उनका सपना पूरा नहीं कर पाया. अब मेरे पास मेरी मां ही एक संपत्ति बची हैं. मैं मां से कहता हूं कि तुम रोकर अपनी उम्र कम मत करो, तुम ही मेरी शक्ति हो. अगर तुम नहीं रहोगी तो मैं खत्म हो जाऊंगा. हमारी मां का आशीर्वाद हमारे सिर पर है तो सब ठीक हो जाएगा.”
ये भी पढ़ें-
जब सनी देओल का मुस्लिम किरदार बन गया बंटवारा 1947 के लिए मुसीबत, राजकुमार संतोषी ने बताई वजह
रणबीर कपूर के फैंस के लिए खुशखबरी, स्पिरिट के बाद एनिमल पार्क पर काम शुरू करेंगे संदीप रेड्डी वांगा
गाने गाते वक्त आज भी छलक आते हैं आंसू
पवन सिंह ने बताया कि पहली पत्नी आज भी उनके दिल में एक देवी की तरह बसी हैं, जिन्हें वह कभी नहीं भुला सकते. जब भी वह कोई गहरा दर्द भरा गाना गाते हैं, तो उनकी याद में आंखें भर आती हैं और हाथ कांपने लगते हैं. उन्होंने बताया कि हाल ही में रिलीज हुआ उनका दर्द भरा गाना ‘जे दिलवा में रहे राम जी ऊ नसीब में कहे ना…’ गाते और शूट करते वक्त वह इतने भावुक हो गए थे कि इस गाने को उन्हें तीन बार में जाकर पूरा करना पड़ा था. पवन सिंह ने अपनी मां के कहने पर साल 2018 में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More