दिल्ली: सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल में नर्सिंग छात्रा की मौत, कमरे में मिली लाश; वजह तलाश रही पुलिस

दिल्ली: सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल में नर्सिंग छात्रा की मौत, कमरे में मिली लाश; वजह तलाश रही पुलिस

सर गंगाराम अस्पताल दिल्ली.

Delhi News: दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित सर गंगाराम अस्पताल के हॉस्टल में शुक्रवार शाम 19 वर्षीय बीएससी नर्सिंग छात्रा की मौत का मामला सामने आया है. छात्रा नर्सिंग की तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ का हिस्सा थी. वह दिल्ली के नजफगढ़ इलाके की रहने वाली बताई जा रही है. शुरुआती जानकारी में छात्रा की मौत को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है.

हॉस्टल के कमरे में उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के मुताबिक, छात्रा सर गंगाराम अस्पताल परिसर में बने हॉस्टल में रहती थी. शुक्रवार शाम वह अपने कमरे में मृत पाई गई. अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं- क्या दिल्ली से गायब हो जाएंगी झुग्गियां उसमें रह रहे लाखों लोगों का क्या होगा? समझें पूरा प्लान

क्राइम टीम ने भी जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने हॉस्टल के कमरे और आसपास के हिस्से की जांच की. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया? जांच के दौरान छात्रा के दोस्तों, सहपाठियों और अस्पताल के कर्मचारियों से पूछताछ की जा सकती है. पुलिस छात्रा के हाल के दिनों की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.

सुसाइड की वजह अभी सामने नहीं आई

पुलिस के मुताबिक, छात्रा के आत्मघाती कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. फिलहाल किसी तरह के दबाव, पारिवारिक विवाद, पढ़ाई से जुड़ी परेशानी या अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस छात्रा की मौत के पीछे संभावित कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना की जानकारी छात्रा के परिवार को दे दी गई है. छात्रा की मौत की खबर से अस्पताल के छात्रों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है. राजेंद्र नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विवेक शर्मा

विवेक शर्मा

विवेक शर्मा उत्तर प्रदेश के झांसी से टीवी9 भारतवर्ष के रिपोर्टर हैं. कहते हैं कि बनारस में जन्म लेने वाले के मिजाज़ में एक अलग ही अल्हड़पन, बेबाकी और अलमस्ती होती है. इसी मिट्टी की तासीर लेकर साल 2002 में विवेक शर्मा ने पत्रकारिता की दुनिया में दिल्ली में कदम रखा. विवेक की पत्रकारिता की शुरुआत हुई जैन टीवी (Jain TV), दिल्ली से, जहां कैमरे की बारीकियों और खबरों की रफ्तार को समझा. जैन टीवी में काम करते-करते मौका मिला देश के नंबर-1 चैनल आजतक (Aaj Tak) से जुड़ने का. 'आजतक' के साथ एक लंबा और शानदार कार्यकाल बीता. विवेक को दो दशक (20 साल) से ज्यादा का अनुभव है. आजतक चैनल के बाद अपने करियर को कुछ समय के लिए विराम देकर उन्होंने फिर से एक नई पारी की शुरुआत की. वर्तमान में TV9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में ज़मीनी स्तर पर काम करते हुए उनका एकमात्र मकसद जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाना है. चमक-दमक वाली खबरों से दूर, बुंदेलखंड की जनता के मुद्दे, उनकी परेशानियां और प्रशासन तक उनकी आवाज़ पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है.

Read More

google button