एसआईआर के दूसरे चरण को लेकर जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक - Jamtara News
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत 24 अगस्त से शुरू होने वाली दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की तैयारियों को लेकर रविवार को बैठक हुई।
.
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की अध्यक्षता में 09-जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारियों के स्तर पर गठित पेशकार टीमों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीओ ने दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वाद पंजी (केस रजिस्टर), नोटिस पंजी, नोटिस तामिला की पुष्टि और संबंधित अभिलेखों के संधारण की प्रक्रिया समझाई। क्लस्टरवार निर्धारित पेशकार टीमों को सुनवाई के दौरान उपस्थित होने वाले मतदाताओं की उपस्थिति दर्ज करने तथा उनके दस्तावेज प्राप्त करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि सुनवाई की प्रक्रिया व्यवस्थित और सुगम तरीके से पूरी की जाए, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। संबंधित कर्मियों को दस्तावेजों के संधारण और सुनवाई से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया। बैठक में संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे। SIR के तहत दावा-आपत्ति और सुनवाई की प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू होगी।
भास्कर न्यूज | जामताड़ा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण को लेकर शनिवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 के साथ बैठक हुई। बैठक अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। इसमें 09-जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित एसआईआर की प्रक्रिया और दावे-आपत्तियों के निपटारे को लेकर जानकारी दी गई। एसडीओ ने बैठक में एसआईआर के दौरान मैपिंग नहीं होने, मतदाता सूची में सामने आई लॉजिकल गलतियों तथा फॉर्म-6, 7 और 8 से संबंधित मामलों पर दावे और आपत्तियों की सुनवाई की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सुनवाई के लिए निर्धारित स्थान और समय की जानकारी भी दी। बैठक में बताया गया कि दावे और आपत्तियों से संबंधित मामलों की सुनवाई अधिसूचित एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ द्वारा की जाएगी। एसडीओ ने सुनवाई की पूरी प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि संबंधित मतदाताओं को पहले नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस की प्राप्ति और उसकी पुष्टि की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के तहत होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाताओं को सुनवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अधिकारियों ने दस्तावेजों और सुनवाई की प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी, ताकि एसआईआर के दूसरे चरण की कार्रवाई को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 द्वारा एसआईआर की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे गए। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी सवालों का जवाब देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। बैठक में संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए-1 और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।