'बच्चों को ड्रग्स में धकेला, इसलिए मारा', गोल्डी बराड़ का ऑडियो लीक, आतंकी निज्जर की हत्या का खोला राज
'बच्चों को ड्रग्स में धकेला, इसलिए मारा', गोल्डी बराड़ का ऑडियो लीक, आतंकी निज्जर की हत्या का खोला राज
Published: Monday, August 24, 2026, 11:05 [IST]
Goldy Brar Leaked Audio: कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर एक नया ऑडियो सामने आया है। इसमें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ कथित तौर पर निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेता सुनाई दे रहा है।
ऑडियो में बराड़ ने दावा किया कि निज्जर ऐसे लोगों को संरक्षण देता था, जो नाबालिग युवाओं को ड्रग्स के धंधे में धकेलते और उन्हें ब्लैकमेल करते थे। बराड़ के मुताबिक, इसी वजह से उसने अपनी टीम के साथ निज्जर की हत्या की।
बराड़ ने ली हत्या की जिम्मेदारी
सोशल मीडिया पर सामने आए ऑडियो क्लिप में गोल्डी बराड़ कथित तौर पर निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी ले रहा है। बराड़ का कहना है कि निज्जर कुछ ऐसे लोगों का समर्थन करता था, जो 16-17 साल के बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल करते थे। उसने दावा किया कि इन युवाओं को मुखबिरी के लिए भी ब्लैकमेल किया जाता था। बराड़ के मुताबिक, इसी वजह से उसे और उसकी टीम को निज्जर को मारना पड़ा।
ये भी पढे़ं: Lawrence Bishnoi Gang: Delhi में हत्या की साजिश रच रहे लॉरेंस गैंग के 3 शूटर अरेस्ट, विदेश से मिल रहे टारगेट!
'हर किसी को अपने किए का नतीजा भुगतना पड़ता है'
ऑडियो में बराड़ कथित तौर पर कहता है कि जो लोग बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए तैयार करते थे, निज्जर उन्हें मजबूत बनाता था। बराड़ का दावा है कि ऐसे लोगों का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर किया जाता था। इसी को हत्या की वजह बताते हुए उसने कहा कि हर किसी को अपने किए की कीमत चुकानी पड़ती है। यह बातचीत खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा के साथ होने की बात कही जा रही है।
ड्रग्स के धंधे को लेकर लगाया आरोप
मूल रूप से पंजाब के फरीदकोट का रहने वाला सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ इस कथित ऑडियो में निज्जर के ड्रग्स कारोबार से जुड़े होने का आरोप लगाता सुनाई दे रहा है। उसका दावा है कि नाबालिगों को इस काम में शामिल किया जाता था और उन्हें ब्लैकमेल भी किया जाता था। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि और उसमें किए गए दावों की अलग से पुष्टि जरूरी है।
भारत-कनाडा विवाद के बीच सामने आया ऑडियो
हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में बड़ा तनाव पैदा हुआ था। कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने हत्या में भारतीय एजेंटों की संभावित भूमिका का आरोप लगाया था। भारत ने इन आरोपों को खारिज किया था और पर्याप्त सबूत नहीं होने की बात कही थी। अब कथित ऑडियो में गोल्डी बराड़ की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने के दावे ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है।
ये भी पढ़ें: Goldy Brar Networth: हनी सिंह से सलमान खान तक धमकियां, आखिर कितनी दौलत का मालिक है गोल्डी बराड़?
2023 में सरे में हुई थी निज्जर की हत्या
हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 को कनाडा के सरे में गुरु नानक सिख गुरुद्वारे की पार्किंग में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान वह अपने ट्रक से पार्किंग से बाहर निकल रहा था। तभी एक सफेद सेडान ने उसका रास्ता रोका और नकाबपोश हमलावरों ने उस पर कई गोलियां चलाईं। इस हमले में निज्जर की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।