राखी से पहले रुड़की में डबल मर्डर! भाई ने दो बहनों की गोली मारकर की हत्या, जीजा पर भी चलाई गोली

राखी से पहले रुड़की में डबल मर्डर! भाई ने दो बहनों की गोली मारकर की हत्या, जीजा पर भी चलाई गोली

राखी से पहले रुड़की में डबल मर्डर

Roorkee double murder: उत्तराखंड के रुड़की में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मंगलवार देर शाम गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी दो सगी बहनों को गोली मारकर हत्या कर दी, वहीं जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों घटनास्थलों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है.

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर और आजाद नगर पनियाला रोड स्थित संतोषी माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 में मंगलवार देर शाम अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

विक्की नाम के युवक ने पहले गणेशपुर निवासी अपनी बहन शकुंतला को गोली मारी. इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और जीजा पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से दोनों बहनों की मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया.

दोनों बहनों की मौत, जीजा अस्पताल में भर्ती

फायरिंग की घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की. गोली लगने से पुष्पा के पति की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

एक ही परिवार की दो सगी बहनों की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में मातम छा गया. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने दोनों घटनास्थलों को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.

शुरुआती जानकारी में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस आरोपी को पकड़ने और वारदात की परिस्थितियों का पता लगाने पर है.

Salman Malik

Salman Malik

उत्तराखंड के शहर रुड़की के रहने वाले सलमान मलिक TV9 भारतवर्ष में अपनी पेशेवर सेवाएं दे रहे हैं. निष्पक्ष पत्रकारिता, सटीक खबरों की समझ और दर्शकों तक सही जानकारी पहुंचाने की उनकी प्रतिबद्धता उन्हें एक कुशल मीडिया पेशेवर बनाती है. रामपुर नगर पंचायत का यह प्रतिभाशाली युवा आज क्षेत्रीय प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर के मीडिया मंच तक की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत करता है.

Read More

google button