समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत; दो गंभीर घायल उपचार जारी

समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-122बी पर वैशा गाछी के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की जोरदार टक्कर में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।



घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विद्यापतिनगर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

विज्ञापन

मृतक की पहचान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र की राजाजान पंचायत के ब्रह्मपुरा-बड़पुरा गांव के वार्ड संख्या-1 निवासी जवाहर सदा के पुत्र सुधीर सदा (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है।

विज्ञापन

ससुराल से घर लौट रहा था सुधीर
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, सुधीर सदा विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। शुक्रवार को वह बाइक से घर लौट रहे थे। वह एनएच-122बी पर वैशा गाछी के समीप पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने बिना देर किए पुलिस को घटना की जानकारी दी और घायलों की मदद में जुट गए। हादसा ससुराल से महज दो किलोमीटर की दूरी पर हुआ।

अस्पताल में एक की मौत
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विद्यापतिनगर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुधीर सदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायल युवकों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

दोनों बाइक थाने ले गई पुलिस
विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था। टीम ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर थाना परिसर में रखा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बिहार: बारिश में डूबी सड़क, गड्ढों ने बढ़ाई आफत; मुजफ्फरपुर के दरधा बाजार चौक पर हादसों का खतरा

घर में चल रहा था इंतजार, पहुंच गई मौत की खबर
सुधीर की मौत की सूचना मिलते ही उसके घर और ससुराल में कोहराम मच गया। जिस युवक के सकुशल घर लौटने का परिजन इंतजार कर रहे थे, कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर पहुंची। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में स्वजन के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।

परिजनों का कहना था कि सुधीर ससुराल से घर लौट रहा था, लेकिन ससुराल से महज दो किलोमीटर दूर हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।