'अंकित बालियान के बाद अब तुझे मारेंगे', हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को जान से मारने की धमकी, वीडियो वायरल
'अंकित बालियान के बाद अब तुझे मारेंगे', हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को जान से मारने की धमकी, वीडियो वायरल
Published: Saturday, August 29, 2026, 15:14 [IST]
Haryanvi Singer Masoom Sharma: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस हत्याकांड को लेकर मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने शामली पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग की। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही हैं और हरियाणा में भी संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
सिंगर मासूम शर्मा को मिली जान से मारने की धमकी
इसी बीच सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने पुलिस की जांच को और पेचीदा कर दिया है। वीडियो में एक शख्स कथित तौर पर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने और हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है। पुलिस अब इस वीडियो की भी जांच कर रही है कि ये सच में किसने बनाया है और इसका अंकित की हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
'अगला नंबर मासूम शर्मा का है', वीडियो में दी गई धमकी
-सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक अंकित बालियान 005, नाम से एक आईडी बनाई गई और इसी अकाउंट से कथित तौर पर वीडियो पोस्ट किया गया है। वीडियो में नजर आ रहा शख्स अंकित बालियान की हत्या करने का दावा करता है। इसके बाद वह सिंगर मासूम शर्मा को भी निशाना बनाने की धमकी देता सुनाई देता है।
-वीडियो में शख्स कथित तौर पर कहता है कि अंकित को उसी ने मारा है और अब अगला नंबर मासूम शर्मा का है। वो मासूम शर्मा को धमकी देते हुए हत्या करने की बात भी कहता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस पहलू को भी जांच में शामिल कर लिया है। हालांकि वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
अंकित बालियान के निधन पर इमोशनल हुए मासूम शर्मा
अंकित बालियान की हत्या की खबर सामने आने के बाद सिंगर मासूम शर्मा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर अंकित के निधन पर दुख जताया और दोनों के साथ किए गए काम को याद किया। मासूम शर्मा ने कहा कि अंकित के जाने का उन्हें बेहद दुख है। दोनों ने साथ में काफी काम किया था और कई गाने भी गाए थे। उन्होंने कहा कि उनके बीच अच्छे संबंध थे। मासूम ने कलाकारों को मिल रही धमकियों और बढ़ती गुंडागर्दी पर भी चिंता जाहिर की।
मासूम शर्मा ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की अपील
-मासूम शर्मा ने सरकार से कलाकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंकित की हत्या करने वाले व्यक्ति या लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
-सिंगर ने कहा कि ये सिर्फ अंकित की समस्या नहीं है बल्कि हर उस कलाकार के लिए चिंता का विषय है जिसका नाम और पहचान बड़ी है। उनके मुताबिक जिन कलाकारों के पास पॉपुलैरिटी और पैसा है, उनके लिए खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने लगातार मिल रही धमकियों पर सरकार से अंकुश लगाने की मांग की।
ADG ने अधिकारियों के साथ की केस की समीक्षा
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच को लेकर मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने शामली में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सहारनपुर के DIG अभिषेक सिंह के अलावा मुजफ्फरनगर, बागपत और शामली के पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। करीब 2 घंटे चली इस बैठक में अब तक हुई जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। पुलिस टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई, संदिग्धों की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जुटाए जा रहे सुरागों पर भी चर्चा हुई।
पुलिस ने बनाई 8 टीमें, हरियाणा में भी छापेमारी
-ADG भानु भास्कर के मुताबिक हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस की 8 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें अलग-अलग बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही हैं। कुछ टीमों को हरियाणा में भेजा गया है, जहां संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
-पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिले हैं। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिली है और उन्हें बरामद करने की दिशा में काम चल रहा है। ADG ने भरोसा जताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
जिम से निकलते ही अंकित पर बरसाई गईं गोलियां
अंकित बालियान की हत्या गत 26 अगस्त 2026, बुधवार शाम शामली में एक जिम के बाहर हुई थी। बताया जा रहा है कि 35 साल के सिंगर जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी चार हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने अंकित पर करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं। इस हमले में उन्हें कई गोलियां लगीं, जिनमें से एक गोली सिर में भी लगी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए थे।
'भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' से मिली पहचान
-अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम थे। वह सिंगिंग के साथ-साथ यूट्यूब पर भी एक्टिव थे। उनका गाना 'भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' काफी पॉपुलर हुआ था, जिसके बाद उन्हें बड़ी पहचान मिली थी।
-फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। वायरल वीडियो, संदिग्धों की गतिविधियों, पुराने विवाद और अन्य संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।