कुरुक्षेत्र में चलती कार में लगी आग: भाई-बहन ने कूदकर बचाई जान; चाचा-चाची को करनाल छोड़कर लौट रहे थे - Kurukshetra News
कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा के पास हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर चलती कार में आग लग गई। कार सवारों ने तुरंत बाहर निकलकर जान बचाई। बताया जा रहा है कि अरुणाय गांव के मोड़ के पास चलती स्कोडा स्लाविया कार के बोनट से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं।
.
तभी, कार में सवार भाई-बहन ने तुरंत गाड़ी रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उनके कार से उतरते ही आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरी कार धू-धूकर जलने लगी।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कार का ज्यादातर हिस्सा जल चुका था और मौके पर उसका लोहे का ढांचा ही बचा। गनीमत रही कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

मामले की जानकारी देता कार सवार हरमन।
चाचा-चाची को छोड़कर लौट रहे थे भाई-बहन
जुरासी कलां गांव के हरमन सिंह ने बताया कि वो अपनी बहन के साथ स्कोडा स्लाविया कार में निगदू (करनाल) गए थे। कार उसकी बहन चला रही थी। दोनों वहां अपने चाचा-चाची को छोड़ने के बाद वापस घर लौट रहे थे। कार उसकी बहन चला रही थी। वापसी के दौरान वे हाईवे-152 पर अरुणाय गांव के मोड़ के पास पहुंचे।
बोनट से निकलीं आग की लपटें
हरमन सिंह ने बताया कि मोड़ के पास कार की रफ्तार कम थी। इसी दौरान उसकी बहन को बोनट की तरफ से आग की लपटें दिखाई दीं। आग देखते ही उसने कार रोक दी। वह तुरंत अपनी बहन के साथ कार से बाहर आ गया। दोनों के बाहर निकलने के कुछ ही समय बाद आग ने तेजी से पूरी कार को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।

कार में लगी आग को बुझाते कर्मी।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग
बोनट से शुरू हुई आग कुछ ही देर में कार के दूसरे हिस्सों तक पहुंच गई। सड़क पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।

कार के इंजन से उठी आग की लपटें।
आग बुझने के बाद सिर्फ ढांचा बचा
आग इतनी तेजी से फैली कि कार का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जल गया। सीटों समेत कार के कई हिस्से आग की चपेट में आ गए। दमकल कर्मियों के आग बुझाने के बाद कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि आग कितनी तेजी से फैली होगी। कार पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में बदल गई।

आग के बाद बचा कार का ढांचा।
समय रहते कार रोकने से बची जान
घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग की लपटें दिखाई देने के तुरंत बाद कार रोककर बाहर निकलने से भाई-बहन सुरक्षित बच गए। अगर कार में आग लगने के बाद उसे रोकने में देरी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। कार में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।