मुंबई एयरपोर्ट पर तीन बड़ी घटनाएं, विदेशी करेंसी बरामद, फ्लाइट में देरी पर हंगामा
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (T2) पर रविवार को सुरक्षा और उड़ानों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आईं. एक मामले में महिला यात्री के पास से करीब 30 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए, जबकि दूसरी घटना में फ्लाइट में देरी को लेकर यात्रियों ने हंगामा किया. वहीं, वियतनाम एयरलाइंस के एक कर्मचारी को AIU अधिकारियों द्वारा पूछताछ के लिए रोके जाने की भी जानकारी सामने आई है.
महिला यात्री के पास से 30 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद
मुंबई एयरपोर्ट के T2 स्थित इंटीग्रेटेड SHA में CISF की महिला सुरक्षाकर्मी ने एक अंतरराष्ट्रीय महिला यात्री के पास से करीब 30 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद किए. बरामद विदेशी मुद्रा की भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 28.61 लाख रुपए बताई गई है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार को मुंबई से दुबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-4217 में सफर करने वाली यात्री फातिमा मुर्तजा अर्सीवाला लेडी फ्रिस्किंग बूथ नंबर-2 पर पहुंची थीं. तलाशी के दौरान CISF की महिला कांस्टेबल पूजा रामनरेश पाल ने यात्री के घुटनों के आसपास टेप से छिपाकर रखी गई विदेशी मुद्रा का पता लगाया.
इसके बाद SHA के प्रभारी अधिकारी को तत्काल सूचना दी गई. AIU/कस्टम्स के अधिकारियों को भी बुलाया गया. जांच के बाद यात्री और बरामद विदेशी मुद्रा को आगे की कार्रवाई एवं जांच के लिए कस्टम्स/AIU के हवाले कर दिया गया. यात्री भारतीय नागरिक बताई गई हैं और उनका सीट नंबर 27F था.
फ्लाइट में देरी पर यात्रियों ने किया हंगामा
मुंबई से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-5060 के लगातार री-शेड्यूल होने से यात्रियों ने एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट पर हंगामा और कथित तौर पर उपद्रव किया. जानकारी के मुताबिक, पहले यात्रियों को चेक-इन काउंटर से बोर्डिंग गेट की ओर भेजा गया था. इसी दौरान SG-5060 की उड़ान को आगे बढ़ाकर रविवार को सुबह 7 बजे कर दिया गया, जिससे नाराज यात्रियों ने बोर्डिंग गेट 85 के पास हंगामा शुरू कर दिया.
स्थिति की जानकारी मिलते ही शिफ्ट IC, एरिया IC, CIW स्टाफ और कंपनी QRT मौके पर पहुंच गए. एयरलाइन स्टाफ और CISF के जवान यात्रियों को शांत कराने में जुटे रहे. इसी दौरान स्पाइसजेट की दूसरी फ्लाइट SG-5113 की बोर्डिंग पूरी कराई गई. इस फ्लाइट में 173 यात्री सवार थे और विमान करीब 00:54 बजे दुबई के लिए रवाना हुआ.
वियतनाम एयरलाइंस के कर्मचारी को AIU ने रोका
एक अन्य घटनाक्रम में वियतनाम एयरलाइंस के PSE कर्मचारी मुनाफ जमादार को AIU स्टाफ द्वारा एयरपोर्ट के स्टाफ एंट्री-एग्जिट गेट के पास रोके जाने की जानकारी सामने आई है. बताया गया है कि कर्मचारी को रात करीब 00:30 बजे, T2 के ईस्ट साइड स्थित P6 एंट्रेंस एरिया के पास रोका गया और पूछताछ शुरू की गई.
जानकारी के अनुसार, AIU स्टाफ ने पूछताछ के दौरान अपना नाम बताने से इनकार कर दिया. फिलहाल विदेशी मुद्रा बरामदगी मामले में कस्टम्स/AIU की जांच जारी है, जबकि फ्लाइट में देरी को लेकर यात्रियों के हंगामे की स्थिति को एयरलाइन और CISF कर्मियों ने संभाला.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More