पंजाब के किसान आज मोहाली के रास्ते करेंगे चंडीगढ़ कूच, कई सड़कों पर बढ़ेगा ट्रैफिक; देखें रूट
पंजाब के किसान आज मोहाली के रास्ते करेंगे चंडीगढ़ कूच, कई सड़कों पर बढ़ेगा ट्रैफिक; देखें रूट
September 1, 2026

मोहाली: संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की ओर से पंजाब-चंडीगढ़ सीमा पर सात दिवसीय धरना शुरू किया जा रहा है। 1 से 7 सितंबर तक फेदां बैरियर के नजदीक होने वाले इस प्रदर्शन में पंजाब के अलग-अलग जिलों और गांवों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है। किसानों के काफिले के चलते मोहाली और चंडीगढ़ के बीच कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
एयरपोर्ट रोड पर बढ़ सकता है वाहनों का दबाव
प्रदर्शन स्थल तक किसानों को पहुंचाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रूट तय किए गए हैं। मंगलवार को मोहाली की एयरपोर्ट रोड, सोहाना, एयरपोर्ट चौक और आईआईएसईआर लाइट प्वाइंट के आसपास सामान्य दिनों की तुलना में अधिक ट्रैफिक देखने को मिल सकता है।
प्रशासन और किसान संगठनों ने प्रदर्शनकारियों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था को यथासंभव सुचारु रखा जा सके।
माझा और दोआबा से आने वाले किसानों का रूट
माझा और दोआबा क्षेत्र से आने वाले किसान खरड़ की तरफ से मोहाली पहुंचेंगे। तय रूट के मुताबिक खरड़ से आगे गोपाल स्वीट्स के पास पहुंचने के बाद किसान एयरपोर्ट रोड की ओर दाएं मुड़ेंगे।
इसके बाद काफिला गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना, सीपी-67 मॉल लाइट प्वाइंट और आईआईएसईआर लाइट प्वाइंट से होते हुए आगे बढ़ेगा। आईआईएसईआर लाइट प्वाइंट से चंडीगढ़ की दिशा में बाएं मुड़कर किसान फेदां बैरियर स्थित धरना स्थल तक पहुंचेंगे।
मालवा के किसानों के लिए अलग मार्ग तय
मालवा क्षेत्र से आने वाले किसानों के लिए राजपुरा-बनूड़-छत लाइट प्वाइंट वाला मार्ग निर्धारित किया गया है। किसान छत लाइट प्वाइंट से एयरपोर्ट रोड, मोहाली की ओर बाएं मुड़ेंगे।
इसके बाद काफिला एयरपोर्ट चौक और आईआईएसईआर लाइट प्वाइंट से गुजरते हुए चंडीगढ़ की तरफ दाएं मुड़ेगा और फिर फेदां बैरियर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचेगा।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बढ़ सकती है परेशानी
धरने में शामिल होने वाले किसान केवल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ही नहीं, बल्कि ट्रकों, बसों और ट्रेनों के जरिए भी मोहाली पहुंच सकते हैं। प्रदर्शन स्थल पर किसानों के लिए राशन और अन्य आवश्यक सामान पहुंचाने के लिए भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का इस्तेमाल किया जाएगा।
इस वजह से एयरपोर्ट रोड और आसपास के प्रमुख जंक्शनों पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ सकती है। खासकर व्यस्त समय में सोहाना, एयरपोर्ट चौक और आईआईएसईआर लाइट प्वाइंट पर जाम की स्थिति बनने की आशंका है।
ये भी पढ़ें…
पुलिस की अपील, ट्रैफिक नियमों का करें पालन
प्रदर्शन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन चालकों से प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और यात्रा की पहले से योजना बनाने की सलाह दी गई है।