करोड़ों की चपत: ट्रेन से बेडशीट, टॉवेल व कंबल चोरी होने के मामले में रांची रेल मंडल देश में दूसरे स्थान पर - Ranchi News
4 माह में ही 1.18 लाख आइटम गायब, रांची रेल मंडल में जनवरी 2022 से अप्रैल 2026 तक 9.31 लाख बेडरोल चोरी या क्षतिग्रस्त हुए
.
दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल में एसी कोचों में यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले लिनेन (कंबल, बेडशीट, तकिया, फेस टॉवेल और तकिया कवर) की चोरी और नुकसान लगातार बढ़ रहा है। जनवरी 2022 से अप्रैल 2026 तक मंडल में कुल 9,31,410 लिनेन आइटम चोरी या क्षतिग्रस्त हुए हैं। देशभर के रेल मंडलों में रांची दूसरा है, जहां सबसे अधिक चोरी हुई है।
पहले स्थान पर बीकानेर रेल मंडल है, जहां सबसे अधिक 25.76 लाख आइटम की चोरी दर्ज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2025 रांची रेल मंडल के लिए सबसे खराब वर्ष रहा, जब अकेले 2,50,439 लिनेन आइटम गायब हुए। यह-2024 की तुलना में 30.87% अधिक है।
सबसे अधिक नुकसान फेस टॉवेल (3,87,708) और बेडशीट (2,89,447) का हुआ। वर्ष 2022 में 1,73,107, वर्ष 2023 में 1,98,445 और वर्ष 2024 में 1,91,371 लिनेन आइटम का नुकसान हुआ। वहीं, जनवरी से अप्रैल 2026 के दौरान ही 1,18,048 लिनेन आइटम गायब हो चुके हैं, जिससे समस्या की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
| वर्ष | कंबल | बेडशीट | तकिया | फेस टॉवल | पिलो कवर | कुल नुकसान |
| 2022 | 4,790 | 72,194 | 4,113 | 53,898 | 38,112 | 1,73,107 |
| 2023 | 9,032 | 78,524 | 5,421 | 52,996 | 52,472 | 1,98,445 |
| 2024 | 8,062 | 56,451 | 3,136 | 86,571 | 37,151 | 1,91,371 |
| 2025 | 9,408 | 53,082 | 3,993 | 1,36,583 | 47,373 | 2,50,439 |
| 2026* | 4,009 | 29,196 | 1,872 | 57,660 | 25,311 | 1,18,048 |
| --- | --- | --- | --- | --- | --- | --- |
| कुल | 35,301 | 2,89,447 | 18,535 | 3,87,708 | 2,00,419 | 9,31,410 |
(*नोट: 2026 के आंकड़े केवल अप्रैल तक के हैं।)
सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें: सीनियर डीसीएम
रांची रेलमंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने कहा कि रेलवे यात्रियों को बेहतर और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। यात्रियों से अपील है कि वे इन सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार का दुरुपयोग न करें। ऐसा करने से रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहेगी।
बीकानेर में सबसे अधिक 25.76 लाख बेडरोल चोरी जानकारी के अनुसार, एसी कोचों में यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले बेडरोल (चादर, बेडशीट, टॉवेल, कंबल आदि) की चोरी के मामले सामने आए हैं। सबसे अधिक चोरी बीकानेर रेल मंडल में दर्ज की गई है। इसके बाद रांची रेल मंडल दूसरे और दिल्ली रेल मंडल तीसरे स्थान पर है। आंकड़ों के अनुसार बीकानेर मंडल में करीब 25.76 लाख, रांची मंडल में 9.31 लाख और दिल्ली मंडल में 8.21 लाख बेडरोल सामान चोरी हुए हैं।