रामगढ़ताल में चारो ओर बनेगी जेटी: स्टेट वेटलैंड कमेटी से मंजूरी मिली; फ्लोटिंग कम पिलर वाली जेटी होगी - Gorakhpur News
- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Gorakhpur
- Gorakhpur Ramgarhtal Development | New Floating Jetties Approved By GDA
रामगढ़ताल में चारो ओर बनेगी जेटी:स्टेट वेटलैंड कमेटी से मंजूरी मिली; फ्लोटिंग कम पिलर वाली जेटी होगी
गोरखपुर1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) जल्द ही रामगढ़ताल को और आकर्षक बनाने जा रहा है। एक स्थायी जेटी की जगह अब कई फ्लोटिंग जेटी बनाने की तैयारी है। ताल के चारो ओर इसे बनाया जाएगा। GDA 4 से 5 जेटी बनाने की योजना बना रहा है। फ्लोटिंग जेटी के साथ यहां कुछ पिलर भी लगाए जाएंगे, जिससे बोट को वहां खड़ा किया जा सके। जेटी बनाने के लिए स्टेट वेटलैंड कमेटी से मंजूरी मिल गई है। जल्द ही इस प्लानिंग को मूर्त रूप दे दिया जाएगा।
रामगढ़ताल में अभी नौकायन के पास एक जेटी है। लगभग 29 साल पुरानी इस जेटी का हाल ही में थर्ड पार्टी से सेफ्टी ऑडिट भी कराया गया है। इसमें एक पिलर कुछ कमजोर मिला लेकिन पूरी जेटी सुरक्षित है। ताल के चारो ओर सुंदरीकरण का काम हो रहा है। ताल रिंग रोड भी सितंबर तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने ऐसी व्यवस्था करने को कहा है, जिससे चारो ओर पर्यटक पहुंच सकें और ताल की सुंदरता का आनंद ले सकें। इसे देखते हुए चारो ओर जेटी बनाने की योजना बनाई गई है।

जीडीए ने जेटी को लेकर कार्ययोजना बना ली है।
इन स्थानों पर बनेगी जेटी
प्राधिकरण की ओर से आरकेबीके (वर्तमान स्मार्ट व्हील्स) के पास, सहारा एस्टेट के पास, चिड़ियाघर के पास, जेटी बनाई जाएगी। इसके साथ ही अन्य दिशाओं में भी इसका निर्माण किया जाएगा। एक पुलिस चौकी बनाने की भी योजना है, उसके पास भी जेटी का निर्माण किया जाएगा। जहां जेटी बनेगी, वहां पार्किंग का स्पेस भी दिया जाएगा।
बोट से एक से दूसरी जगह जा सकेंगे
जेटी बनाने के साथ प्राधिकरण एक यात्री बोट भी संचालित करेगा। लोग ताल के किसी हिस्से से इस बोट में सवार होकर दूसरे हिस्से तक जा सकेंगे और वहां घूमकर वापस बोट से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहां पार्किंग की व्यवस्था होगी, जहां से अपनी गाड़ी लेकर घर जा सकेंगे। इस तरह लोगों को अनावश्यक रूप से अपने वाहन से ताल के चारो ओर घूमना नहीं पड़ेगा। इस बोट पर लगभग 50 लोग बैठ सकेंगे।
जानिए फ्लोटिंग जेटी के साथ पिलर क्यों बनेगा
फ्लोटिंग जेटी के साथ पिलर बनाने का भी निर्णय लिया गया है। जिससे भविष्य में यदि वहां से बोटिंग हो तो बोट को पिलर के सहारे रोका जा सके। एक जेटी पर लगभग 4 पिलर बनाए जाएंगे। इससे जेटी को भी मजबूती मिलेगी। वर्तमान जेटी की तरह यह बड़ी जेटी नहीं होगी, बल्कि इसका क्षेत्रफल कम होगा। इस दिशा में कार्ययोजना बना ली गई है।

रामगढ़ताल में बोट के माध्यम से लोग एक से दूसरी जगह जाएंगे।
नई व्यवस्थाओं से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि इस नई व्यवस्था के चलते पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। रामगढ़ताल में अलग-अलग स्थानों पर फ्लोटिंग कम पिलर जेटी बनाई जाएगी।

इसके बीच लोग बोट से एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा सकेंगे। ताल में घूमने का आनंद मिलेगा, साथ ही किसी भी किनारे पर बनी जेटी तक भी जा सकेंगे। पर्यटकों को इससे एक नया अनुभव होगा।
.