पाकिस्तान को धूल चटाकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भरी हुंकार, बोलीं- 'इससे हमारा स्टैंडर्ड ऊंचा बना रहता है...'

Harmanpreet Kaur: महिला एशिया कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को पाकिस्तान के साथ खेले गए आखिरी लीग मैच में शानदार प्रदर्शन किया और जीत दर्ज कर ली. इस मैच में भारत ने पाकिस्तान की टीम को भारत ने महज 55 रन पर समेट दिया था और फिर 9वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल करके जीत दर्ज कर ली. मुकाबले को भारत ने 7 विकेट से जीता और जीत के साथ ही लीग स्टेज का अंत किया. आइए जान लेते हैं कि इस बड़ी जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने क्या-क्या कहा...

हरमनप्रीत कौर ने जमकर की टीम की तारीफ

पाकिस्तान की टीम को 55 रन पर ऑलआउट करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने महज 9वें ओवर की चौथी गेंद पर ही लक्ष्य को हासिल कर लिया और 7 विकेट से मैच जीता. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपनी टीम की जमकर तारीफ की. उनका कहना है कि उनकी टीम अटैकिंग खेल खेलने की कोशिश करती है और वह अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हैं.

हरमनप्रीत कौर ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा, "हमारे लिए यह बहुत अहम मैच था और आज पूरी टीम ने जैसा खेल दिखाया, उससे मैं बहुत खुश हूं. हम हमेशा आक्रामक खेल दिखाने की बात करते हैं और जिस तरह से हमने खेला, उससे मैं वाकई खुश हूं."

बॉलिंग परफॉर्मेंस के बारे में बताते हुए कहा, "सभी बॉलर्स ने शानदार प्रदर्शन किया. वे अपने प्लान पर टिके रहे, उसी के हिसाब से बॉलिंग की और पिच को बहुत अच्छे से समझा. मुझे लगता है कि यही सबसे जरूरी है. पिच को समझना और फिर उसी के हिसाब से अपने प्लान को लागू करना."

— BCCI Women (@BCCIWomen) September 6, 2026

भारत की शानदार गेंदबाजी पर दिया बयान

पाकिस्तान के साथ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली. श्री चरनी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट चटकाए. वहीं, दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट अपने खाते में डाले.

तीन विकेट गिरने पर क्या सोचती हैं? इसपर हरमन ने कहा, "मुझे लगता है कि यह खेल का हिस्सा है. उन्होंने भी कुछ अच्छी गेंदें डालीं और मुझे लगता है कि सबसे जरूरी बात थी क्रीज पर डटे रहना, बैटिंग जारी रखना और जितनी जल्दी हो सके मैच खत्म करना."

बिना कोई मैच हारे सेमीफाइनल तक पहुंचना कितना अहम है? इसपर हरमनप्रीत कौर ने कहा, "यह बहुत अहम है, इससे हमारे स्टैंडर्ड ऊंचे बने रहते हैं. हम जानते हैं कि जब हम मैदान पर उतरते हैं तो यह टीम क्या कर सकती है. मैं बहुत खुश हूं कि हर कोई आगे आ रहा है और अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. अब दो और मैच बचे हैं, उम्मीद है कि हम अपना बेस्ट क्रिकेट खेलते रहेंगे."

हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर 150 टी20 इंटरनेशनल (T20I) मैचों में कप्तानी करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर (महिला और पुरुष दोनों में) बन गईं हैं. जी हां, आज तक दुनिया का कोई भी कप्तान ऐसा नहीं कर सका है.

अपनी इस उपलब्धि के बारे में बात करते हुए हरमनप्रीत कौर ने कहा, "मैं शुक्रगुजार हूं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहाँ तक पहुंचूंगी, लेकिन जिन लोगों ने मेरा साथ दिया है, मैं उनकी बहुत शुक्रगुजार हूं. उम्मीद है कि आगे भी मुझे ऐसा ही सपोर्ट मिलता रहेगा, क्योंकि मुझे लगता है कि सपोर्ट के बिना मैं कुछ भी नहीं हूं और हां, मैं शुक्रगुजार हूं, पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ ने शानदार काम किया है। तो हाँ, उम्मीद है कि आगे भी ऐसे ही और मैच खेलूँगी. चलिए, अच्छा काम जारी रखते हैं."

ये भी पढ़ें:Explainer: टेस्ट क्रिकेट में जब लिखी गई 'मिशन इम्पॉसिबल' की स्क्रिप्ट, हर बार भारत ने रोका ऑस्ट्रेलिया का वो 'अमर रिकॉर्ड'