जो किया अच्छा किया, अमेठी में चुनाव हारने के बाद स्मृति ईरानी ने किससे कही थी ये बात?

भाजपा नेता स्मृति ईरानी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से हार गई थीं, जबकि 2019 में उन्होंने राहुल गांधी को हराया था। अब एक ताजा इंटरव्यू में उन्होंने अमेठी में मिली हार को याद किया है।

हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में महासचिव बनकर दमदार वापसी करने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी में 2024 में मिली हार को याद किया है। उन्होंने बताया कि वह नतीजे वाले दिन शाम छह बजे अपने घर में बने मंदिर में गईं। वहां पर उन्होंने भगवान की प्रतिमा के सामने कहा कि जो किया, अच्छा किया। इस दौरान, उनके आसपास खड़े कार्यकर्ता यह सुनकर शॉक्ड रह गए और सोचने लगे कि दीदी को सदमा लग गया।

टाइम्स नाऊ के साथ पॉडकास्ट इंटरव्यू में स्मृति ईरानी ने 2024 की अमेठी हार पर कहा, ''मुझे याद है कि जिस दिन इलेक्शन रिजल्ट आ रहे थे। अमेठी वाले मेरे घर में मंदिर है। उसमें मां भगवती, शिव परिवार की प्रतिमाएं हैं। मैं प्रतिमा की ओर देखा और कहा कि जो भी किया, अच्छा किया। मुझे याद है कि मेरे बगल में खड़े कार्यकर्ता शॉक्ड हो गए और सोच रहे थे कि दीदी को सदमा पहुंच गया है। पता नहीं क्यों बहकी-बहकी बातें कर रहीं। शाम छह बजे की बात है, मैंने कहा कि जो किया, अच्छा किया।''

स्मृति ईरानी ने बताया कि मुझे याद है कि जब मैं घर आई, तो किसी ने पूछा कि धक्का लगा तो मैंने कहा कि नहीं, मैंने यही किया था, जब 2019 में चुनाव जीता था, फर्क यह था कि 2019 में लोग तलाश रहे थे, लेकिन 24 में लोग ढूंढ नहीं रहे थे। बता दें कि स्मृति ईरानी ने साल 2019 में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को अमेठी से हराया था, लेकिन 2024 के चुनाव में वह कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से हार गई थीं।

उन्होंने पीएम मोदी की भी जमकर तारीफ की और कहा कि संवाद नरेंद्र मोदी की शख्सियत का सबसे मजबूत स्तंभ है। उन्होंने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि 1946 में सरदार पटेल एक डैम की कल्पना करते हैं। 1961 में नेहरू जी उसका शिलान्यास करते हैं। 1980 तक उसका काम ही नहीं शुरू होता है। 1995 में कोई सुप्रीम कोर्ट जाता है और इस काम में अंकुश लगा देता है कि मत बनाओ।

वह आगे कहती हैं कि इसके बाद 2006-07 के आसपास नरेंद्र मोदी को पता चलता है कि काम आगे बढ़ाना है। वे लेटर लिखना शुरू करते हैं। 10-12 लिखते हैं। वे बॉर्डर पर जाते हैं और वहां जवान मिलता है और कहता है कि हमारे पास मीठा पानी तो आ जाए, कुछ करिए। मोदी का लेटर मनमोहन सिंह के पास जाता है कि डैम को 17 मीटर बढ़ाना है, लेकिन अनुमति नहीं मिलती। इसके बाद 2014 में जब पीएम बनते हैं तो 17 मीटर हाईट बढ़ाने का आदेश दे देते हैं।