रोहतक में सनसनीखेज वारदात: रेडियो स्टेशन के पीछे जली हालत में मिला युवक का शव, मुंह से निकल रहा था खून, हत्या की आशंका - Haribhoomi
रोहतक में सनसनीखेज वारदात: रेडियो स्टेशन के पीछे जली हालत में मिला युवक का शव, मुंह से निकल रहा था खून, हत्या की आशंका
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर के अनुसार, आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव की शिनाख्त और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।
रोहतक के मदीना में रेडियो स्टेशन के पीछेजली हालत में मिला युवक का शव।
- Published: 07 Sep 2026, 11:42 AM IST
- Last Updated: 07 Sep 2026, 11:42 AM IST
रोहतक में सनसनीखेज वारदात: रोहतक जिले के गांव मदीना में रेडियो स्टेशन के पीछे सोमवार सुबह एक युवक का शव जली हुई हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर थाना बहुअकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस एक्सपर्ट (FSL) की टीम को भी बुलाया। शव की हालत देखकर युवक की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी जा रही है।
शव के मुंह से निकल रहा था खून
मौके पर मिले शव के मुंह से खून निकल रहा था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया और पहचान छिपाने के लिए उसे आग लगाई गई। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
केमिकल डालकर शव जलाने की आशंका
बताया जा रहा है कि शव को जलाने के लिए किसी केमिकल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। आग लगाए जाने के बावजूद शव पूरी तरह नहीं जल पाया। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
रेडियो स्टेशन के पीछे पड़ा मिला शव
गांव मदीना में रेडियो स्टेशन के पीछे झाड़ियों के पास युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक को कहीं और मारने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया था या वारदात घटनास्थल पर ही हुई।
शव की पहचान कराने में जुटी बहुअकबरपुर पुलिस
थाना बहुअकबरपुर प्रभारी जसबीर ने बताया कि युवक का शव जली हुई हालत में मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। FSL टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव की पहचान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।