इमारत गिरने पर कितना और कैसे मिलता है मुआवजा? सत्य निकेतन हादसे के बाद जानें अपने अधिकार
इमारत गिरने पर कितना और कैसे मिलता है मुआवजा? सत्य निकेतन हादसे के बाद जानें अपने अधिकार
Published: Monday, September 7, 2026, 11:25 [IST]
Satya Niketan Building Collapse Compensation Rules: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पुरानी और असुरक्षित इमारतों में रह रहे लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास लड़कों के पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही एक बहुमंजिला इमारत अचानक गिर गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया। इस बीच इमारत के बेसमेंट में चल रहे काम, पानी जमा होने और ढांचे की हालत की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद एक अहम सवाल यह भी उठ रहा है कि ऐसी दुर्घटना में पीड़ितों या उनके परिवारों को मुआवजा कब और किस आधार पर मिल सकता है।
CCTV में कैद हुआ बिल्डिंग गिरने का खौफनाक पल
सत्य निकेतन इलाके में स्थित बहुमंजिला इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक गिर गई। सामने आए CCTV फुटेज में इमारत को कुछ ही पलों में सड़क की ओर ढहते देखा जा सकता है। बिल्डिंग के गिरते ही आसपास धूल का बड़ा गुबार फैल गया और सड़क पर मलबा बिखर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय जमीन हिलने जैसा महसूस हुआ। इमारत दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास थी और इसमें लड़कों का पीजी चल रहा था।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में पढ़ाई करने आए छात्रों के सिर पर मंडरा रही मौत? सत्या निकेतन हादसे के पीछे का खौफनाक सच!
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मौतों की संख्या पहुंची 6
हादसे के बाद दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस, NDRF और दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की टीमों ने मौके पर बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को तलाशने का काम रातभर चलता रहा। एक व्यक्ति को रात में मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन उसे मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई। एजेंसियां इस बात की भी जांच करती रहीं कि मलबे के नीचे कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं फंसा हुआ है।
छात्रों ने बताया, लगा जैसे भूकंप आ गया हो
हादसे के बाद इलाके में मौजूद लोगों ने उस खौफनाक मंजर को याद किया। एक छात्र ने बताया कि जमीन हिलने जैसा महसूस हुआ और बाहर निकलने पर पता चला कि एक पूरी इमारत गिर चुकी है। एक अन्य स्थानीय निवासी के मुताबिक, बाहर निकलते ही चारों तरफ धूल का गुबार दिखाई दे रहा था। इसके बाद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे छात्रों को बाहर निकालने की कोशिश की। बताया गया कि हादसे के वक्त कई छात्र इमारत के मलबे में फंस गए थे।
AIIMS में पहुंचाए गए 10 घायल
हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए AIIMS के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक, वहां 10 लोगों को पहुंचाया गया था, जिनमें पांच को मृत अवस्था में लाया गया था। एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में से कुछ का इलाज जारी है। एक घायल की अंग से जुड़ी सर्जरी की गई, जबकि मामूली रूप से घायल एक व्यक्ति को जांच के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बेसमेंट में काम की जांच, पानी जमा होने का भी शक
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इमारत गिरने की असली वजह क्या थी। शुरुआती जांच में इमारत के बेसमेंट में पानी जमा होने और वहां की स्थिति को लेकर सवाल उठे हैं। जांचकर्ता यह भी देख रहे हैं कि क्या बेसमेंट में चल रहे निर्माण या मरम्मत के काम से इमारत का ढांचा और कमजोर हुआ। मॉनसून के दौरान निर्माण कार्य क्यों किया जा रहा था और इसके लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा सकती है।
मालिक, ठेकेदार और मजदूरों से पूछताछ की तैयारी
पुलिस ने इस मामले में बिल्डिंग मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं। जांच के दौरान बिल्डिंग मालिक, ठेकेदार और काम से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा सकती है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि निर्माण कार्य कानूनी तरीके से हो रहा था या नहीं। यह भी जांच का हिस्सा होगा कि स्थानीय नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
MCD ने पहले ही बताया था इमारत को खतरनाक
इस मामले में एक अहम बात यह भी सामने आई है कि संबंधित इमारत की हालत को लेकर पहले से चिंता जताई गई थी। MCD के अनुसार, सत्य निकेतन स्थित हाउस नंबर 13 को बेहद खराब और खतरनाक स्थिति में पाया गया था। इमारत को वहां रहने वाले, आने-जाने वाले और आसपास के लोगों के लिए जोखिम बताया गया था। बताया गया कि दिल्ली नगर निगम कानून के तहत इमारत को तय समय के भीतर गिराने का आदेश भी दिया गया था। आदेश का पालन नहीं होने की स्थिति में MCD खुद इमारत को गिराकर उसका खर्च वसूल सकता था।
PG में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद दिल्ली में पीजी और किराये की इमारतों में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर फिर बहस शुरू हो गई है। दिल्ली जैसे बड़े शहरों में हजारों छात्र पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों और शहरों से आते हैं। इनमें से बड़ी संख्या में छात्र पीजी और किराये के कमरों में रहते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इन इमारतों की मजबूती, निर्माण नियमों और फायर सेफ्टी की जांच कितनी नियमित रूप से होती है। कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने भी घटना को लेकर छात्रों की सुरक्षा पर सवाल उठाए और सरकार से जवाब मांगा।
बिल्डिंग गिरने पर क्या मिलता है मुआवजा?
ऐसे हादसों के बाद पीड़ित परिवारों के सामने आर्थिक मदद का सवाल भी खड़ा होता है। बिल्डिंग गिरने की घटना में मुआवजा हर मामले में एक जैसा या अपने आप तय नहीं होता। बड़े हादसों में राज्य सरकार, केंद्र सरकार या संबंधित प्रशासन पीड़ितों और मृतकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि यानी एक्स-ग्रेशिया का ऐलान कर सकता है। यह राशि सरकार के फैसले और हादसे की स्थिति पर निर्भर करती है।
लापरवाही साबित होने पर कानूनी रास्ता
अगर जांच में यह सामने आता है कि हादसा बिल्डिंग मालिक, ठेकेदार या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही की वजह से हुआ, तो पीड़ित या उनके परिवार कानूनी प्रक्रिया के जरिए मुआवजे की मांग कर सकते हैं। गैरकानूनी निर्माण, सुरक्षा नियमों का उल्लंघन या मरम्मत के दौरान लापरवाही जैसे मामलों में जिम्मेदारी तय होने के बाद अलग-अलग कानूनी कार्रवाई हो सकती है। सत्य निकेतन हादसे में भी पुलिस और जांच एजेंसियां फिलहाल इमारत गिरने की वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
होम इंश्योरेंस क्यों हो सकता है जरूरी?
भूकंप, आग, तूफान या इमारत को नुकसान पहुंचाने वाली दूसरी घटनाओं से आर्थिक सुरक्षा के लिए कई लोग होम इंश्योरेंस लेते हैं। हालांकि, पॉलिसी खरीदने से पहले यह जानना जरूरी है कि उसमें क्या-क्या कवर किया जा रहा है। केवल सस्ती पॉलिसी देखकर फैसला करना हमेशा सही नहीं होता।
पॉलिसी लेते समय किन बातों को देखें?
होम इंश्योरेंस लेते समय यह जरूर जांचें कि पॉलिसी में घर के मुख्य ढांचे को कवर किया गया है या नहीं। इन चीजों पर खास ध्यान देना चाहिए-
- घर की दीवारों का कवर
- छत को होने वाला नुकसान
- घर की नींव और मुख्य ढांचा
- फर्नीचर का नुकसान
- टीवी, फ्रिज और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान
- घर के अंदर रखे अन्य कीमती सामान
हर इंश्योरेंस पॉलिसी की शर्तें अलग हो सकती हैं। इसलिए यह समझना जरूरी है कि किस तरह की घटना में क्लेम मिलेगा और किन परिस्थितियों में पॉलिसी का लाभ नहीं मिलेगा। सत्य निकेतन हादसे की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में बिल्डिंग गिरने की वजह, निर्माण कार्य की भूमिका और जिम्मेदार लोगों को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।
ये भी पढ़ें: धूल का गुबार, भागते लोग और चीख-पुकार! सत्य निकेतन हादसे का दिल दहला देने वाला CCTV वीडियो आया सामने