दलीप ट्रॉफी फाइनल: तीसरे दिन की समाप्ति तक ईस्ट जोन की पकड़ में मुकाबला

चेन्नई, 8 सितंबर (आईएएनएस)। ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में 708 रन बनाने के बाद इस टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 242 के स्कोर तक साउथ जोन के 6 विकेट हासिल कर लिए हैं। फिलहाल, साउथ जोन की टीम ईस्ट जोन से 466 रन पीछे है।

एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रनों का विशाल स्कोर बनाया। अभिमन्यु ईश्वरन ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। वैभव 37 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने 147 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे।

यहां से कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शिखर मोहन (85) के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन जोड़े, जबकि कुमार कुशाग्र (101) के साथ 230 रन की साझेदारी की। इसके अलावा, अनुकूल रॉय (45) के साथ छठे विकेट के लिए 140 रन जुटाए।

ईशान ने इस पारी में 334 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 30 चौकों के साथ 270 रन की पारी खेली। उनके अलावा, कौनेन कुरैशी ने 40 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से त्रिपुरण विजय ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि चामा मिलिंद और श्रेयस गोपाल को 2-2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, शेख रशीद ने 1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में साउथ जोन ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 80 ओवरों का सामना किया, जिसमें 6 विकेट खोकर 242 रन जुटाए। इस टीम ने 10 के स्कोर पर रिकी भुईं (1) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने नारायण जगदीशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 70 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

जगदीशन 6 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद पड्डिकल ने शेख रशीद के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रन जुटाए। रशीद 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पड्डिकल ने 4 चौकों के साथ 62 रन की पारी खेली।

टीम ने 129 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभालते हुए स्मरण रविचंद्रन (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रन और श्रेयस गोपाल (26) के साथ छठे विकेट के लिए 66 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया।

तीसरे दिन की समाप्ति तक तिलक 133 गेंदों में 5 चौकों के साथ 56 रन बना चुके हैं, जबकि चामा मिलिंद 2 रन बनाकर नाबाद हैं। विपक्षी खेमे से मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार को 2-2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, कौनेन कुरैशी और शिखर मोहन ने 1-1 विकेट चटकाया।

--आईएएनएस

आरएसजी