विनाशकारी बाढ़ के बाद अब भूकंप से कांपी नेपाल की धरती, काठमांडू समेत कई इलाकों में महसूस किए गए झटके

नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अब यहां की धरती भूकंप से भी कांपने लगी है. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार रात नेपाल में 5.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. यह घटना नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के लगभग दो हफ्ते बाद हुई है, जिसमें 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और हजारों लोग लापता हैं.

नेशनल सर्वे ऑफ साइंसेज के अनुसार, भूकंप का केंद्र चीन-नेपाल का बॉर्डर था और यह 143 किलोमीटर की गहराई पर आया था. इसके झटके काठमांडू और आसपास के इलाकों में महसूस किए गए. यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र के मुताबिक, तिब्बत में आए 5.3 तीव्रता के भूकंप के कुछ घंटों बाद नेपाल में ये भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. तिब्बत में आया यह भूकंप 35 किलोमीटर की गहराई पर था.

तिब्बत में 26 अगस्त को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसके बादतिब्बत सीमा से लगे नेपाल के रसुवा जिले में विनाशकारी बाढ़ आई थी. इस आपदा ने भोटे कोशी नदी को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे बस्तियां, सड़कें, पुल और पनबिजली के बुनियादी ढांचे नष्ट हो गए. बाढ़ के कारण सीमा के तिब्बती हिस्से में स्थित ग्यिरोंग बंदरगाह पर भूस्खलन भी हुआ था. इस भयानक आपदा ने सैकड़ों जिंदगियां तबाह कर दी और हजारों लोगों को उनके परिवारों से अलग कर दिया, जिनकी तलाश अभी भी जारी है.

भूकंप के कारण नहीं आई थी बाढ़

शुरुआत में ये आशंका जताई गई थी कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ तिब्बत भूकंप के कारण आई थी, लेकिन अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बाद में पुष्टि की कि यह आपदा हिमस्खलन और मलबे के बहाव के कारण हुई थी, भूकंप के कारण नहीं. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नेपाल में बचाव अभियान अभी भी जारी है. इस आपदा में 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 13 हजार से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है.

वहीं, चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भयानक बाढ़ में चीन के भी कम से कम 43 लोग मारे गए हैं, जबकि तिब्बत में 500 से अधिक लोग लापता हैं.

ये भी पढ़ें: पानी और खाने के बिना कैसे टनल में जिंदा रह गए, नेपाल में रेस्क्यू किए गए 2 लोगों ने बताई पूरी कहानी

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More

google button