बांकीपुर उपचुनाव: तेज प्रताप यादव की पार्टी को बड़ा झटका, उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द - Haribhoomi
बांकीपुर उपचुनाव: तेज प्रताप यादव की पार्टी को बड़ा झटका, उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द
बांकीपुर उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल को बड़ा झटका लगा है। उम्मीदवार वीणा मानवी समेत 10 प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हो गया है।
बांकीपुर उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी नामांकन रद्द हो गया।
- Published: 14 Jul 2026, 04:50 PM IST
- Last Updated: 14 Jul 2026, 04:50 PM IST
Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के सियासी दंगल में तेज प्रताप यादव की पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' (JJD) को बड़ा झटका लगा है। चुनाव आयोग ने पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द कर दिया है।
वीणा मानवी के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी प्रिय किन्नर समेत कुल 10 उम्मीदवारों के पर्चे तकनीकी कारणों से खारिज किए गए हैं। नामांकन रद्द होने की खबर मिलते ही तेज प्रताप यादव जानकारी लेने के लिए पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे।
गिरफ्तारी के बाद रद्द हुआ पर्चा
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पटना पुलिस ने वीणा मानवी को एक पुराने धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी, लेकिन नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुई कानूनी अड़चनों के कारण उनका पर्चा खारिज हो गया।
इस सीट से अब प्रमुख रूप से जन सुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा और राजद की रेखा कुमारी गुप्ता मैदान में हैं।
कौन हैं वीणा मानवी?
48 वर्षीय वीणा मानवी पटना सिटी की रहने वाली हैं और कॉर्पोरेट जगत से राजनीति में कदम रखा है। वह वर्तमान में 'मकान डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी में सीईओ के पद पर कार्यरत हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने 1999 में मगध विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की है।
संपत्ति और कर्ज का लेखा-जोखा
चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार, वीणा मानवी और उनके परिवार की कुल संपत्ति 1.68 करोड़ रुपये है। इसमें 37.69 लाख रुपये की चल संपत्ति शामिल है, जिसमें 115 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी और विभिन्न बीमा निवेश हैं।
अचल संपत्ति के रूप में उनके पास ग्रेटर नोएडा और रांची में फ्लैट और मकान हैं, जिनकी कीमत करीब 1.30 करोड़ है। गौर करने वाली बात यह है कि उनके पति पार्थ सारथी के नाम पर कोई भी संपत्ति दर्ज नहीं है। इसके अलावा, उन पर बैंक का करीब 36.32 लाख रुपये का लोन भी बकाया है।
दागी छवि का साया
वीणा मानवी के हलफनामे से यह भी खुलासा हुआ है कि उनके खिलाफ तीन आपराधिक मामले लंबित हैं। ये मामले पटना के गर्दनीबाग, फतुहा और कंकड़बाग थानों में दर्ज हैं। उन पर धोखाधड़ी (IPC 420), आईटी एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस चल रहे हैं, जो उनके राजनीतिक सफर के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।