पश्चिमी चंपारण में नवविवाहिता की मौत: परिजनों ने पति पर जहरीला इंजेक्शन देकर मर्डर का आरोप लगाया - Bettiah (West Champaran) News

पश्चिमी चंपारण के श्रीनगर थाना क्षेत्र के भरपटिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है।

.

मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर जहरीला इंजेक्शन देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि यह एक सोची-समझी साजिश है, जिसमें दहेज प्रताड़ना और प्रेम प्रसंग का विवाद भी शामिल है।

मृतका की पहचान गुड़िया देवी के रूप में हुई है। उनके भाई राय नंदन कुमार ने बताया कि गुड़िया की शादी 4 दिसंबर 2025 को भरपटिया गांव के असरफी चौधरी के बेटे राजा कुमार से हुई थी।

मारपीट और दहेज को लेकर प्रताड़ना

आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए गुड़िया को परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे।

राय नंदन कुमार के मुताबिक, रक्षा बंधन के दिन गुड़िया मायके आई थी, लेकिन ससुराल वाले उसे वापस बुलाने नहीं आए। इस मामले को लेकर 20 जुलाई को पंचायत हुई।

पंचायत में कुछ कागजी कार्रवाई के बाद राजा कुमार अपनी पत्नी को घर ले गया। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद गुड़िया के साथ फिर से मारपीट और दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई।

मृतका के भाई ने पति राजा कुमार पर प्रेम प्रसंग का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने बेतिया के एक निजी होटल में राजा कुमार को एक महिला के साथ रंगे हाथ पकड़ा था।

मृतका को जहरीला इंजेक्शन देने का आरोप

इस मामले को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। हालांकि, प्रेम प्रसंग से जुड़े इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया गया कि 11 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे तक मृतका की अपने मायके वालों से फोन पर बातचीत हुई थी और उस समय तक सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था।

इसके कुछ ही देर बाद मृतका के पति राजा कुमार ने उसके भाई राय नंदन कुमार को फोन कर कथित तौर पर बताया कि उसने गुड़िया को एक इंजेक्शन दिया है, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई है। परिजनों ने उसे तत्काल सरकारी अस्पताल लाने की बात कही।

ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी किया जिक्र

जब गुड़िया को अस्पताल लाया गया और मायके वाले वहां पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को किसी जहरीले इंजेक्शन के जरिए मौत के घाट उतारा गया है और यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है।

मृतका के भाई ने दहेज में बाइक और पैसों की कथित मांग से जुड़ी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया है।

हालांकि इस ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और हमारा चैनल इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।

मौत का कारण साफ़ नहीं

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बेतिया जीएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।

वहीं, सदर-2 डीएसपी राकेश भास्कर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का भी पता चलेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना के आरोप, कथित प्रेम प्रसंग और जहरीले इंजेक्शन से हत्या का दावा—इन तमाम आरोपों की सच्चाई अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही साफ होगी।