रोहित शर्मा ने किसे दिखाई उंगली? ऐसे टूटा अपने पसंदीदा मैदान में दिल

रोहित शर्मा ने किसे दिखाई उंगली? ऐसे टूटा अपने पसंदीदा मैदान में दिल

एजबेस्टन में रोहित नहीं चले (फोटो-GETTY IMAGES)

Rohit Sharma: इंग्लैंड का मैदान हो तो रोहित शर्मा का बल्ला चलना तय माना जाता है और मैदान एजबेस्टन का हो तो फिर रनों की गारंटी होती है लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में ऐसा नहीं हुआ. रोहित शर्मा मैदान पर आए, उन्होंने शुरुआत अच्छी की लेकिन फिर वो बेहद खराब शॉट खेलकर आउट हो गए. बड़ी बात ये है कि रोहित ने 21वीं गेंद पर गलती की, मतलब वो सेट हो गए थे लेकिन सैम कर्रन की बॉल पर बड़ा शॉट खेलने के फेर में उन्होंने ब्रूक को कैच थमा दिया.

एजबेस्टन में रोहित की आखिरी पारी

एजबेस्टन में रोहित शर्मा का बल्ला हमेशा चलता है. इस खिलाड़ी ने इस मैदान पर पिछले चार मैचों में 91, 123, 102 और 104 रन बनाए थे. लेकिन इस मैदान पर अपनी आखिरी पारी में वो 11 ही रन बना पाए. बता दें रोहित अब 39 साल के हो गए हैं और अब अपने फेवरेट मैदानों में से एक एजबेस्टन पर वो कभी दोबारा इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे. आखिरी पारी में रोहित ने फैंस का दिल तोड़ दिया.

रोहित का उंगली दिखाना खबर बन गया

रोहित शर्मा बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए लेकिन फील्डिंग के दौरान उन्होंने अपना दम दिखाया. इंग्लैंड की टीम जब बल्लेबाजी कर रही थी तो रोहित शर्मा फील्ड सेटअप में भी योगदान दे रहे थे. ब्रूक जब बैटिंग पर आए तो उनकी बेहतरीन बैटिंग फॉर्म देखते हुए रोहित के कहने पर गिल ने बुमराह को अटैक पर लगाया और ये खिलाड़ी इंग्लैंड के कप्तान का विकेट लेने में कामयाब रहा. ब्रूक का कैच रोहित शर्मा ने स्लिप में लपका. रोहित ने कैच लपकते ही पवेलियन की ओर उंगली दिखाकर इशारा किया. ऐसा दावा किया जा रहा है रोहित ने ही गिल को कहा था कि ब्रूक के सामने बुमराह को अटैक पर लगाया जाए. ये रणनीति काम कर गई और शानदार फॉर्म में चल रहे ब्रूक ने महज 3 ही गेंद खेली.

इंग्लैंड की बैटिंग रही फेल

इंग्लैंड की बैटिंग पहले वनडे में नाकाम साबित हुई. इंग्लैंड के 5 विकेट सिर्फ 80 रन पर गिर गए थे. बेन डकेट के 43 रनों के बाद इंग्लैंड का मिडिल ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गया था. ब्रूक 1, बटलर 5 रन बना पाए. कर्रन का तो खाता ही नहीं खुला. लेकिन फिर जो रूट ने 76 और लियम डॉसन ने 68 रन बनाकर इंग्लैंड की टीम को बचाया और इंग्लैंड की टीम किसी तरह 258 रनों तक पहुंची.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button