तिहरा शतक... पाकिस्तान ने जिसे इंग्लैंड में टीम से निकाला, उसने लौटकर खेली सबसे बड़ी पारी

सलमान आगा ने पाकिस्तान में तिहरा शतक लगाया
President’s Trophy Pakistan: इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तानी टीम का अंत वैसा ही हुआ, जैसा आरंभ हुआ था. बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम इस सीरीज में बुरी तरह हार गई और इंग्लैंड ने 3-0 से उसका सूपड़ा साफ कर दिया. पाकिस्तान का ये दौरा भी विवादों में रहा और कई खिलाड़ियों को सीरीज के बीच से ही बाहर कर दिया गया. सलमान अली आगा भी उनमें से एक थे, जिन्हें अचानक इंग्लैंड से लौटा दिया गया. अब पाकिस्तान लौटते ही आगा ने एक दमदार तिहरा शतक जमा दिया है.
करियर में पहली बार इतनी बड़ी पारी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के फर्स्ट क्लास फॉर्मेट के टूर्नामेंट प्रेजिडेंट ट्रॉफी की रविवार 12 सितंबर से शुरुआत हुई. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के कई जाने-माने खिलाड़ी खेल रहे हैं, जिसमें सलमान आगा के अलावा शाहीन शाह अफरीदी, फखर जमां, इफ्तिखार अहमद जैसे खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. सलमान आगा इसमें हैदराबाद किंग्समैन एकेडमी के लिए खेल रहे हैं और पहली ही पारी में इस बल्लेबाज ने शानदार दोहरा शतक जमा दिया.
मरखोड़ आईटी के खिलाफ मैच के पहले दिन ही सलमान आगा ने अपना शतक पूरा किया, जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका 18वां शतक है. मगर वो इतने पर ही नहीं रुके और मैच के दूसरे दिन अपना दोहरा शतक भी जमा दिया. सलमान ने पहली बार किसी भी फॉर्मेट के क्रिकेट में 200 रन का आंकड़ा छुआ है. मगर इतने से भी पाकिस्तान के वनडे कप्तान का मन नहीं भरा और उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखते हुए तिहरा शतक भी जमा दिया. ये उनके करियर की सबसे बड़ी पारी है. सलमान ने 336 गेंदों में ही 300 रन पूरे किए.
क्या पाकिस्तानी टीम में होगी वापसी?
सलमान की इस पारी का कितना फायदा उनकी टीम या उन्हें पहुंचेगा, इसका पता तो आने वाले दिनों में चल ही जाएगा. मगर ये तिहरा शतक जमाकर उन्होंने सेलेक्टर्स को फिर से अपनी तरफ देखने के लिए मजबूर किया होगा. उनके लिए ये तिहरा शतक इसलिए भी अहम है क्योंकि इंग्लैंड दौरे पर उन्हें सिर्फ एक टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला. लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में उन्हें कप्तान बनाया गया था लेकिन बाबर आजम की वापसी के साथ ही उन्हें अगले टेस्ट में प्लेइंग-11 से और दूसरे टेस्ट के बाद टीम से ही बाहर कर दिया गया था.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More