Skincare Tips: चेहरा धोने के बाद तौलिये से रगड़ना स्किन के लिए क्यों है नुकसानदायक? जानें सही तरीका
Skincare Tips: क्या आप भी उन लोगों में से हैं, जो अपना चेहरा धोने के तुरंत बाद ही सामने टंगे तौलिये से अपने चेहरे को जोर-जोर से रगड़कर सुखाने लग जाते हैं? अगर इस सवाल पर आपका जवाब भी हां है, तो आपको जितनी जल्दी हो सके अपनी इस आदत को सुधार लेने की कोशिश करनी चाहिए. जब आप चेहरा धोने के बाद उसे जोर-जोर से रगड़ते हैं, तो आपको शायद ऐसा लगे कि वह जल्दी साफ हो जाएगा और सूख भी जाएगा. लेकिन सच्चाई तो यह है कि आपकी इस छोटी-सी लगने वाली गलती की वजह से आपके चेहरे की स्किन बुरी तरह से डैमेज भी हो सकती है. स्किन के डॉक्टर, यानी डर्मेटोलॉजिस्ट की अगर मानें, तो आपकी इस गलती की वजह से भी आपके चेहरे की रंगत पूरी तरह से बिगड़ सकती है.
अगर आप भी अपने चेहरे को जोर-जोर से तौलिये से रगड़कर सुखाते हैं, तो आपको इस आर्टिकल को जरूर पढ़ना चाहिए. आज हम आपको बहुत ही आसान शब्दों में यह बताने वाले हैं कि किस तरह से आपकी यह गलती चेहरे को बर्बाद कर सकती है. तो चलिए इनके बारे में जानते हैं, ताकि अगली बार आप अपने चेहरे को सुखाने के लिए तौलिये से रगड़ने की गलती न करें.
चेहरे की नाजुक स्किन को पहुंचता है नुकसान
हमारे चेहरे की स्किन की अगर बात करें, तो यह शरीर के बाकी हिस्सों के मुकाबले बहुत ही ज्यादा पतली और सॉफ्ट-सी होती है. ऐसे में जब आप तौलिये से अपने चेहरे को जोर-जोर और तेजी से रगड़ते हैं, तो तौलिया और आपकी स्किन आपस में घिसने लगती है. इस फ्रिक्शन की वजह से आपके चेहरे पर बहुत ही बारीक खरोंचें आ जाती हैं. ये खरोंचें इतनी छोटी होती हैं कि कई बार तो आंखों से दिखाई भी नहीं देती हैं. लेकिन इन खरोंचों की वजह से स्किन की ऊपरी प्रोटेक्टिव लेयर टूट जरूर जाती है. इसका नतीजा यह होता है कि आपका चेहरा दिखने में रूखा, ड्राई और बेजान-सा दिखाई देने लग जाता है.
ये भी पढ़ें: रात को सोने से पहले चेहरे पर लगाएं ये होममेड सीरम, अगली सुबह स्किन लगेगी सॉफ्ट और ग्लोइंग
पिंपल्स और मुहांसे तेजी से फैलने लगते हैं
अगर आपके चेहरे पर पहले से ही दाने या फिर पिंपल्स हैं, तो आपको कभी भी अपने चेहरे को सुखाने के लिए उसे जोर-जोर से तौलिये से रगड़ने की गलती नहीं करनी चाहिए. आपकी इस गलती की वजह से पिंपल्स के अंदर का लिक्विड और बैक्टीरिया आपके पूरे चेहरे पर फैल जाता है. आपको शायद यह जानकर हैरानी हो, लेकिन ऐसा होने की वजह से आपके चेहरे पर नए-नए मुंहासे भी निकलने लगते हैं. दूसरी बात यह भी है कि बाथरूम में टंगे गीले तौलिये में बैक्टीरिया और गंदगी बहुत ही जल्दी इकट्ठा हो जाते हैं. जब आप इसी तौलिये से अपने चेहरे को जोर-जोर से रगड़ने लगते हैं, तो यही गंदगी और बैक्टीरिया स्किन में मौजूद पोर्स के अंदर चले जाते हैं और एक्ने की प्रॉब्लम को भी बढ़ा देते हैं.
उम्र से पहले दिखने लगते हैं चेहरे पर रिंकल्स
जब आप अपने गीले चेहरे को बार-बार कसकर और जोर-जोर से तौलिये से रगड़कर पोंछते हैं, तो आपकी स्किन की इलास्टिसिटी खत्म होने लग जाती है. जब आप हर दिन तौलिये से जोर-जोर से अपने चेहरे को खींचेंगे, तो आपकी आंखों के पास और गालों की स्किन ढीली पड़ने लग जाएगी. आपकी इस गलती की वजह से कम उम्र में ही आपके चेहरे पर फाइन लाइन्स और रिंकल्स दिखाई देने लग जाते हैं, जिसकी वजह से कोई भी इंसान अपनी असली उम्र से बड़ा दिखाई देने लगता है.
चेहरे पर जलन और रेडनेस होना
अगर आपकी स्किन बहुत ही ज्यादा सेंसिटिव है, तो आपकी यह आदत आपके लिए और भी ज्यादा बुरी साबित हो सकती है. जब आप रगड़कर अपने चेहरे को सुखाने की कोशिश करते हैं, तो आपकी स्किन लाल पड़ जाती है और उसमें इचिंग भी महसूस होने लगती है. इसके अलावा आपकी स्किन का नेचुरल ऑयल भी तौलिये से घिसने की वजह से खत्म होने लग जाता है.
क्या है चेहरा सुखाने का सही तरीका?
- रगड़ें नहीं, बस थपथपाएं: चेहरा धोने के बाद उसे तौलिए से घिसने के बजाय किसी सॉफ्ट कॉटन के तौलिए या रुमाल से हल्के-हल्के हाथ से थपथपाकर पानी को सुखाएं.
- चेहरे का तौलिया अलग रखें: जिस तौलिए से आप अपनी बॉडी सुखाते हैं, उसे चेहरे पर कभी मत लगाएं. चेहरे के लिए हमेशा एक अलग, साफ और सॉफ्ट तौलिया रखें.
- तौलिए की सफाई का ध्यान रखें: अपने फेस टॉवल को हर 2 से 3 दिन में जरूर धोएं और धूप में सुखाएं ताकि उसमें मौजूद सारे बैक्टीरिया मर जाएं.
- हल्के गीले चेहरे पर ही मॉइश्चराइजर लगाएं: चेहरे को बिल्कुल सुखा लेने की जगह, जब स्किन हल्की-सी गीली हो, तभी मॉइश्चराइजर या क्रीम लगा लें. इससे चेहरे का मॉइस्चर लंबे समय तक बना रहता है.
ये भी पढ़ें: साबुन या फेसवॉश पर पैसे खर्च करने की नहीं पड़ेगी जरूरत, किचन की ये चीजें करेंगी चेहरे की गहराई से सफाई