सेवा और स्वावलंबन से सशक्त समाज का निर्माण संभव : महापौर

सेवा और स्वावलंबन से सशक्त समाज का निर्माण संभव : महापौर

September 13, 2026

सेवा और स्वावलंबन से सशक्त समाज का निर्माण संभव : महापौर

Building a society empowered through service : करनाल। समाज में सेवा, समर्पण, मानवता और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने की दिशा में सेक्टर-14 में आयोजित कार्यक्रम प्रेरणादायी संदेश दे गए। श्री कृष्ण मंदिर में आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह एवं देहदान संकल्प सम्मान पत्र वितरण समारोह में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने प्रतिभागियों और सम्मानितजनों का उत्साहवर्धन करते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब विकास के साथ-साथ सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत हो। किसी जरूरतमंद को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए कौशल प्रदान करना हो या देहदान जैसे पुनीत संकल्प के माध्यम से मानवता की सेवा का संदेश देना हो, ऐसे प्रयास समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि देहदान का संकल्प केवल एक व्यक्ति का निर्णय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मानवता और संवेदनशीलता का संदेश है। उन्होंने प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल को आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाया जाए। युवाओं और महिलाओं के हुनर को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना आज की आवश्यकता है। ऐसे सार्थक प्रयास परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ समाज में आत्मविश्वास भी पैदा करते हैं।

इसके उपरांत महापौर ने सेक्टर-14 स्थित अहिल्याबाई होल्कर कौशल विकास केंद्र का दौरा किया। उन्होंने केंद्र में संचालित गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा महिलाओं एवं युवाओं को दिए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से भी संवाद करते हुए उन्हें अपने हुनर को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। महापौर ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और जागरूक नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से आता है। सेवा, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण और मानवता से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के कार्यकारिणी अध्यक्ष सतीश चावला, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, स्वदेशी जागरण मंच की महिला अध्यक्ष डॉ. दीपमाला, डॉ. आशिमा गक्खड़ तथा पूर्व चेयरपर्सन मेघा भंडारी सहित अन्य गणमान्यजन एवं सम्मानित लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन के माध्यम से सेवा, समर्पण, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का संदेश देने का प्रयास किया गया है। महापौर ने सभी आयोजकों, प्रतिभागियों एवं सम्मानितजनों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।